कविता: टाट पर बैठी अम्मा के दीये
भारत उत्सवों का देश है
आइए खुशियों के दीप जलाते हैं,
श्रीराम फिर स्थापित हैं अयोध्या में
चलिए दीवाली मनाते हैं।
दिल खोलकर खर्च करते हैं लोग
बाजार में आती है बहार,
शादी, ब्याह और त्यौहारों के लिए
लोग वर्षभर कमाते हैं।
किसी के यहां गमी हुई हो
शोक बांटने लोग उनके घर जाते हैं,
भारत देश के जिंदादिल लोग
उत्सव कभी अकेले नहीं मनाते हैं।
उत्सवों में भी कुछ छोटे, और कुछ
खास और बड़े पर्व होते हैं,
यह उत्सव भी क्यों हैसियत में,
अमीर और गरीब होते हैं।
भारत देश में खेल की जीत भी
एक उत्सव सरीखी होती है,
देश की टीम जीत जाए तो
पूरे देश में दिवाली होती है।
मीलार्ड बंद ना करना,
छोटी लड़ियों वाले पटाखे,
गरीब बच्चे दिवाली मनाते हैं
सड़क के अधजले पटाखे चला के
उत्सव सभी के लिए खुशहाली लाएं
इसलिए मैं माल नहीं जाता हूं,
छोटी दुकानों से करता हूं खरीदारी
दीये भी टाट पर बैठी अम्मा से लाता हूं।

