1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. मनपसंद करियर
Written By ND

योग से भविष्य भी सँवारे

योग भविष्य
- जयंतीलाल भंडारी

मैं योग में उज्ज्वल करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन करें। -अश्वभान सोनी, जबलपुर
- योग में अभ्यास के जरिए निपुणता पाई जाती है। गुरु-शिष्य परंपरा के जरिए भी योग सीखकर कई लोग वर्तमान में शिखर पर हैं। लेकिन योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक बनने हेतु विधिवत प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के उपरांत योग में प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम किया जा सकता है।

योग में डिप्लोमा, बीएड, एमएड एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। योग में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए देवी अहिल्या विवि, इंदौर/डॉ. हरिसिंह गौर विवि, सागर/गुरुकुल कांगड़ी विवि, हरिद्वार/ अमरावती विवि, अमरावती आदि से संपर्क किया जा सकता है।

ज्योतिष का कोर्स कराने वाले मान्यता प्राप्त संस्थानों की जानकारी दें। -संजय वर्मा, रतलाम
- ज्योतिष के पाठ्यक्रम हेतु प्रमुख मान्यता प्राप्त संस्थान हैं- विक्रम विवि, उज्जैन/ रविशंकर विवि, रायपुर/ केंद्रीय संस्कृत विद्यापीठ, तिरुपति/ काशी हिन्दू विवि, वाराणसी।

एनिमेशन कार्टूनिंग का कोर्स कराने वाले देश के प्रतिष्ठित संस्थानों की जानकारी प्रदान करें। -नंदिता शर्मा, इंदौर
- एनिमेशन कार्टूनिंग का कोर्स कराने वाली प्रमुख संस्थाएँ हैं-दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट, तिलक मार्ग, नई दिल्ली/सर जेजे स्कूल ऑफ आर्ट, मुंबई/ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, पाल्दी, अहमदाबाद।
  योग में अभ्यास के जरिए निपुणता पाई जाती है। गुरु-शिष्य परंपरा के जरिए भी योग सीखकर कई लोग वर्तमान में शिखर पर हैं। लेकिन योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक बनने हेतु विधिवत प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है।      


मैं फिजिकल एजुकेशन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -रामसिंह तँवर, उज्जैन
- स्पोर्ट्‌स क्लबों एवं फिटनेस सेंटरों के लगातार बढ़ने से इस क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। इस क्षेत्र में सर्टिफिकेट इन फिजिकल एजुकेशन व 3 साल का बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन का कोर्स उपलब्ध है।

बीपीएड के लिए 10+2 तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए बैचलर डिग्री आवश्यक है। प्रशिक्षण देने वाले प्रमुख संस्थान हैं- लक्ष्मीबाई कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, ग्वालियर/ शारीरिक शिक्षा विभाग, रानी दुर्गावती विवि, जबलपुर/ देवी अहिल्या विवि, इंदौर/ बरकतउल्ला विवि, भोपाल।

क्या प्री-बीएड परीक्षा में बैठने के लिए स्नातक होना अनिवार्य है? -मोना जैन, खरगोन
- जी हाँ, परंतु स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में बैठ रहे छात्र-छात्राएँ भी इस परीक्षा हेतु पात्र होते हैं।

मैं तीन वर्षीय स्नातक परीक्षा की डिग्री एक वर्ष में प्राप्त करना चाहता हूँ। मान्यता प्राप्त संस्थानों की जानकारी दें। -विजय मोरे, जांजगीर-चाँपा
- विवि अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इस तरह के पाठ्यक्रमों की मान्यता समाप्त कर दी है। अतः बेहतर होगा कि आप स्नातक डिग्री हेतु तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम करें।

आईएएस की परीक्षा में बैठने हेतु स्नातक परीक्षा में कितने प्रतिशत अंक आवश्यक हैं? -अतुल सक्सेना, राजगढ़ (ब्यावरा)
- आईएएस बनने के लिए सिविल सेवा परीक्षा देना होती है। सिविल सेवा परीक्षा में किसी भी श्रेणी में स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी बैठ सकते हैं।

वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, देहरादून से वाइल्ड लाइफ साइंस में एमएससी करने हेतु आवश्यक योग्यता क्या हैं?-सिमरन आहूजा, मंदसौर
- इस संस्थान में एमएससी पाठ्यक्रम हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 55 प्रश अंकों के साथ विज्ञान विषय से स्नातक है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला मिलता है।

सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दें। -प्रज्ञा शर्मा, ग्वालियर
- सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं- समाज कार्य महाविद्यालय, ओल्ड सीहोर रोड, इंदौर/ विक्रम विवि, उज्जैन/ काशी विवि, वाराणसी।

मैं स्वयं का आयात-निर्यात व्यवसाय प्रारंभ करना चाहता हूँ। इसके लिए कौनसा कोर्स उपयुक्त है? -दीपक जायसवाल, छिंदवाड़ा
- आयात-निर्यात व्यवसाय में जाने के लिए विदेश व्यापार के पाठ्यक्रम लाभप्रद होते हैं। इस हेतु आप इंदौर के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड एंड रिसर्च तथा प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट से संपर्क कर सकते हैं।

मैं जानना चाहती हूँ कि पीईटी एवं आईआईटी-जेईई में क्या अंतर है? -प्रीति छाजेड़, सीहोर
- पीईटी राज्य स्तरीय इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा है, जबकि आईआईटी-जेईई अखिल भारतीय इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा है। आईआईटी परीक्षा द्वारा भारतीय तकनीकी संस्थानों में प्रवेशमिलता है। दोनों प्रवेश परीक्षाओं के प्रकार एवं पाठ्यक्रम में भी अंतर है।
लेखक के बारे में
ND