1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

भूत सवार होगा तभी उतरेगा भूत

भूत सवार होगा तभी उतरेगा भूत
सन्‌ 1905 में ब्रिटिश सरकार द्वारा हिन्दुओं और मुसलमानों में फूट डालने के उद्देश्य से किए गए बंगाल विभाजन का जोरदार विरोध हुआ। विरोध प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस भी बेरहमी से लाठियाँ बरसाती थी। यह सब देखकर किशोर खुदीराम का खून खौल उठता था।

वह उन दिनों बंगाल के मेदिनीपुर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहता था। उसकी बहन अकसर उसे इन सब बातों से दूर रहने की सलाह देती, लेकिन खुदीराम देशप्रेम से ओत-प्रोत तर्क देकर उन्हें निरुत्तर कर देता। इधर अँगरेजों के दिनोंदिन बढ़ते अत्याचार खुदीराम के दिलोदिमाग पर गहरा असर डालते रहे।

एक बार उसे मलेरिया हो गया। उसका शरीर बुखार से तप रहा था। ऐसे में वह बड़बड़ाने लगा- वंदे मातरम्‌, अँगरेजों को मार डालो, उन्हें देश से बाहर खदेड़ दो। वह हाथ-पैर मारने लगा। कई लोगों ने मिलकर उसे संभाला। यह सब देखकर किसी ने कहा- इस पर तो भूत सवार है। इसके लिए तो ओझा को ही बुलवाना पड़ेगा। सलाह पर अमल हुआ। ओझा को बुलाया गया।

ओझा अपने तरीके से झाड़-फूँक कर भूत उतारने लगा। जल्द ही खुदीराम ठीक हो गया। लोगों को लगा कि झाड़-फूँक से भूत उतर गया। बाद में उसकी बहन बोली- खुदी, तुमने तो मुझे डरा ही दिया था।

खुदीराम- क्या किया था मैंने? इस पर उसने झाड़-फूँक वाली बात बताई तो वह बोला- दीदी, मेरा भूत अभी उतरा नहीं है। जो भूत मुझे तंग कर रहा है, वह तो अँगरेजों को भगाने का भूत है। उसे झाड़ने का कोई मंत्र है क्या उस ओझा के पास? निश्चित ही इस बार भी खुदीराम की बहन निरुत्तर हो गई होगी।

दोस्तो, कुछ भूत ऐसे होते हैं जो आसानी से नहीं उतरते और उन्हें उतरना भी नहीं चाहिए। खुदीराम पर देश की आजादी का भूत सवार था। ऐसा ही भूत हर उस क्रांतिकारी के सिर पर सवार था, जिसका लक्ष्य देश की आजादी था। अगर उनके सिर पर यह भूत नहीं चढ़ता तो शायद आज हम आजाद देश के नागरिक नहीं होते।

इसी तरह यदि आपने भी अपने जीवन का कोई लक्ष्य निर्धारित कर रखा है और लाख कोशिशों के बाद भी आपको वह पूरा होता नहीं दिखता, तो एक बार आकलन करके देख लें कि कहीं ऐसा तो नहीं कि आपके सिर पर उसे पूरा करने का भूत ही सवार न हो। यदि ऐसा है तो पहली फुर्सत में सब काम छोड़कर उसका भूत अपने सिर पर चढ़ाएँ, क्योंकि यही भूत आपको आपके मुकाम तक पहुँचा सकता है।

जब यह भूत आपके सिर पर सवार होगा तभी तो आप सुध-बुध खोकर, सब कुछ भूलकर लक्ष्य प्राप्ति में जुटेंगे। और जब तक आप लक्ष्य नहीं पा जाएँगे, तब तक यह भूत आपको सताता रहेगा, परेशान करता रहेगा। जिस दिन आपको सफलता मिल जाएगी, उस दिन यह खुद-ब-खुद ही आपके सिर से उतर जाएगा।

दूसरी ओर, कहते हैं कि सफलता कोई भूत के पकवान नहीं होती, जो आसानी से आपके हाथ आ जाए। वैसे भी भूत के पकवान जितनी आसानी से हाथ आते हैं, उतनी ही आसानी से छूट भी जाते हैं। कामयाबी के लिए तो आपको खूब छक के काम करना पड़ता है यानी आपको जी-तोड़ मेहनत करना पड़ेगी, पूरी लगन से लगना होगा। तब आपकी मेहनत का जो फल, जो सफलता आपको मिलेगी, वह स्थायी रहेगी।

और अंत में, आज क्रांतिकारी सत्येन बसु की प्रेरणा से देश की आजादी के आंदोलन में कूदने वाले खुदीराम बोस का शहीद दिवस है। क्रांतिकारियों को कठोर दंड देने के लिए कुख्यात मजिस्ट्रेट किंग्सफोर्ड की हत्या के प्रयास के आरोप में उन्हें 11 अगस्त 1908 को फाँसी पर लटका दिया गया था। उन्होंने अँगरेजों को देश से भगाने का भूत अंतिम समय तक अपने सिर से नहीं उतरने दिया और 'वंदे मातरम्‌' का घोष करते हुए फाँसी के फंदे को हँसते-हँसते अपने गले लगा लिया।

ऐसे ही यदि आप पर भी कामयाबी का भूत यानी धुन सवार हो गई, तो आप भी बिना तनाव के हँसते-हँसते अपने मुकाम को हासिल कर लेंगे, करते जाएँगे वर्ना आप कितना ही सिर धुन लें, वह आपके आसपास भी नहीं फटकेगी। तो तैयार हैं न अपने सिर पर भूत को सवार करने के लिए। अरे भई, आजकल आप भूत बंगले की तरफ बहुत पाए जाते हैं। क्या बात है।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा