1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

पुरुष को महापुरुष बनाते हैं गुरु

महापुरुष गुरु मनीष शर्मा स्वामी रामकृष्ण परमहंस
स्वामी रामकृष्ण परमहंस अपने शिष्यों को उनके स्वभाव के हिसाब से बहुत ही सहज तरीके से उन्हें व्यावहारिक व आध्यात्मिक ज्ञान की शिक्षा देते थे।

एक बार उनका निरंजन नामक शिष्य जब नाव में बैठकर गंगा पार कर रहा था तो उसमें सवार दो व्यक्ति रामकृष्ण के बारे में ऊलजुलूल बातें करने लगे। अपने गुरु की निंदा सुनकर निरंजन को क्रोध आ गया। वह उन्हें टोकते हुए बोला- आप लोगों ने अब यदि उनके बारे में एक भी गलत शब्द कहा तो ठीक नहीं होगा।

मैं उनका शिष्य हूँ, मैं जानता हूँ कि वे एक पहुँचे हुए महात्मा हैं। इस पर एक व्यक्ति बोला- तुम भी पागल हो जो उस पागल की बातें मानते हो। उसकी बात सुनकर निरंजन आपे से बाहर होकर बोला- यदि तुमने अपनी बकवास बंद न की तो मैं तुम्हें उठाकर नदी में फेंक दूँगा।बात बढ़ती देख अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव करके मामला शांत किया। निरंजन ने आश्रम पहुँचकर गुरु को जब वह घटना बताई तो वे बोले- क्या उनके कहने का मुझ पर कोई असर हुआ? नहीं ना।
  एक बार उनका निरंजन नामक शिष्य जब नाव में बैठकर गंगा पार कर रहा था तो उसमें सवार दो व्यक्ति रामकृष्ण के बारे में ऊलजुलूल बातें करने लगे। अपने गुरु की निंदा सुनकर निरंजन को क्रोध आ गया।      


तुम्हें ऐसी अनर्गल बातों को सुनकर अपना आपा नहीं खोना चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि तुम हमेशा हर स्थिति में अपना मानसिक संतुलन कायम रखो। निरंजन ने उनकी बात अपने मन में उतार ली। इस घटना के कुछ समय बाद स्वामीजी के एक अन्य शिष्य जोगिन के सामने दो व्यक्ति रामकृष्ण का उपहास उड़ाने लगे, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की।

वैसे भी वह बहुत ही शांत व शर्मीली प्रकृति का था। गुरु को इस बात का पता लगने पर वे जोगिन से बोले- पुत्र! क्या तुम्हारे मन में मेरे लिए कोई श्रद्धा या सम्मान नहीं है जो तुमने अपने गुरु का उपहास करने वालों को एक शब्द भी नहीं कहा। जोगिन ने अपनी गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसा न करने का विश्वास दिलाया। इस बात से निरंजन हैरान रह गया।

उसे गुरु का यह दोहरा व्यवहार समझ में नहीं आया। यह बात उसने अपने गुरुभाई नरेन यानी विवेकानंद को बताई तो उन्होंने उसे समझाया- अरे! तुम जानते नहीं, गुरुजी हम सभी का व्यक्तित्व सुधारना चाहते हैं।
तुम जरा-जरा सी बात पर गर्म हो जाते हो, तो वे चाहते हैं कि तुम शांत रहना सीखो। उधर जोगिन एकदम दब्बू व डरपोक है। गुरुजी चाहते हैं कि उसके व्यवहार में थोड़ी दृढ़ता आए और उसका भीरूपन दूर हो। निरंजन को नरेन की बात समझ में आ गई।

दोस्तो, ऐसे होते हैं सच्चे गुरु, जो अपने शिष्यों के व्यक्तित्व की छोटी-छोटी कमियों पर भी बड़ी बारीकी से ध्यान देते हैं। और न केवल ध्यान देते हैं, बल्कि बड़ी ही सहजता से उन्हें दूर कर उनके व्यक्तित्व में निखार लाते हैं।

स्वामी रामकृष्ण परमहंस हमेशा इस बात परजोर देते थे कि ज्ञान विकसित होकर विवेक में परिवर्तित होना चाहिए, तभी उसके माध्यम से जीवन में आनंद की प्राप्ति संभव है। वैसे भी उन्हें बचपन से ही मिट्टी की मूर्तियाँ बनाने का बड़ा शौक था। वे मिट्टी को बड़ी ही कोमलता से ढालकर ऐसी मूर्ति गढ़ते थे कि लगता था कि साक्षात देव खड़े हों।

उन्होंने अपने शिष्यों को भी इसी कोमलता के साथ गढ़कर सामान्य पुरुष से महापुरुष के रूप में परिवर्तित कर दिया। इसीलिए शायद गुरु की तुलना कुम्हार से की गई है जो अपने कुंभ रूपी शिष्य को कोमलता के साथ पीट-पीटकर मनचाहे आकार में ढाल देता है।

और अंत में, आज स्वामी रामकृष्ण परमहंस की जयंती है। इस अवसर पर हम चाहेंगे कि आज के गुरु यानी शिक्षक भी केवल व्यावसायिक रूप से अपने को शिक्षण तक सीमित न रखें बल्कि स्वामीजी का अनुसरण करते हुए अपने शिष्यों यानी विद्याथियों के चरित्र की कमियों पर बारीकी से ध्यान दें और उन्हें दूर करने का प्रयास करें और उनकी खूबियों को निखारें।

उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दें ताकि वे आगे चलकर एक बेहतर इंसान बन सकें। जब ऐसा होगा तभी वे आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर की कठिनाइयों का सामना विवेकपूर्ण तरीके से कर पाएँगे और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर आनंदमय जीवन व्यतीत कर पाएँगे। इस तरह एक न एक दिन वे अवश्य ही स्वामी विवेकानंद की तरह अपने गुरु और देश का नाम रोशन करेंगे। अरे भई, बॉस हूँ तुम्हारा। सही-गलत तो समझाना पड़ेगा ना।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा