1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

दूर की सोचोगे तो जाओगे दूर तक

दूर
ND
एक राजा ने अपने राजकुमारों के साथ खेलने के लिए बन्दरों के एक समूह को अपने नगर में आकर रहने का निमंत्रण दिया। उसने उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। इस पर बंदर महल में आकर रहने लगे। वे राजकुमारों के साथ खेलते और जमकर खाते।

इस बीच राजा ने राजकुमारों की सवारी के लिए भेड़ों का भी इंतजाम किया। ये भेड़ें महल में आजादी से घूमती थीं। कई बार वे भोजनशाला में भी घुस जातीं। रसोइए उन्हें वहाँ से जो हाथ में आता, उससे मारकर भगा देते। यह सब होते देख बंदरों के मुखिया ने अपने साथियों को बुलाकर कहा- तुम सब देख ही रहे हो कि भेड़ों को किस तरह रसोई से भगाया जाता है।

यदि किसी दिन रसोइए के हाथ में जलती हुई लकड़ी पड़ गई तो इससे भेड़ों के बालों में आग लग जाएगी। तब भेड़ें आग बुझाने के लिए अश्वशाला की ओर भागेंगी जहाँ वे ठहरी हुई हैं। इससे वहाँ पड़ी घास-फूस आग पकड़ लेगी और घोड़े जल जाएँगे। राजा उनके इलाज के लिए वैद्य को बुलाएँगे। वैद्य कहेगा कि इलाज के लिए बंदरों की चर्बी चाहिए, क्योंकि आयुर्वेद में घोड़े के जले की औषधि 'बंदर की चर्बी' को बताया गया है।
  एक राजा ने अपने राजकुमारों के साथ खेलने के लिए बन्दरों के एक समूह को अपने नगर में आकर रहने का निमंत्रण दिया। उसने उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। इस पर बंदर महल में आकर रहने लगे। वे राजकुमारों के साथ खेलते और जमकर खाते।      


राजा के लिए घोड़े जरूरी हैं, इसलिए वह हमें मरवा देगा। अतः उचित यही है कि हम समय रहते यहाँ से जंगल में लौट जाएँ। इस पर सभी बंदरों ने मुखिया की बात को कोरी कल्पना कहकर हँसी में उड़ा दिया। कुछ बोले कि काल्पनिक विपत्ति की वजह से हम सुखों का त्याग क्यों करें। वैसे भी हम राजा के मेहमान हैं।

मुखिया के लाख समझाने पर भी राजमहल की सुविधाओं के मोहपाश में फँसे बंदरों ने उसकी बात नहीं मानी। तब वह दुखी होकर अकेले ही वन में लौट गया। कुछ दिनों बाद महल में बिलकुल वैसा ही घटा जैसा कि मुखिया ने कहा था। मरने से पहले बंदर मुखिया की बात को न मानने का अफसोस करते रह गए।

दोस्तो, इसे कहते हैं किसी दूर की सोच वाले की सलाह न मानने का परिणाम। यदि क्षणिक सुखों के मोह में फँसकर आप भावी मुसीबतों को नजरअंदाज कर देंगे तो ऐसा ही होता है। इसलिए समझदार वही होता है जो अपने आसपास घट रही घटनाओं से आने वाली मुसीबतों का पूर्वानुमान लगाकर उनसे बचने का उपाय कर ले। और जब मुसीबत द्वार पर आकर खड़ी हो जाए तो उसे वहीं से टरका दिया जाए।

आज के प्रतियोगी युग में तो इस तरह की दूरदर्शिता का महत्व और भी बढ़ गया है, क्योंकि आज न केवल रोज नए प्रतियोगी खड़े हो रहे हैं बल्कि पुराने भी आपको शिकस्त देने के लिए निरंतर कोशिशों में लगे रहते हैं। ऐसे में आप दूरगामी सोच रखकर ही किसी भी अनजानी-अनसोची परिस्थिति का पहले से ही अंदाज लगाकर उससे बचने, निपटने के उपाय सोच सकते हैं।

इसके साथ ही यदि आप लंबी रेस का घोड़ा बनना चाहते हैं यानी लगातार सफल व्यक्तियों या व्यवसायियों की कतार में खड़े रहना चाहते हैं तो आपको शॉर्ट टर्म की जगह लांग टर्म गेन या फायदे के बारे में सोचना चाहिए।

यदि आप दूरगामी परिणामों को सोचे बिना बंदरों जैसे तात्कालिक लाभों को देखकर कदम उठाएँगे तो नुकसान में ही रहेंगे। यह ठीक है कि कभी-कभी तात्कालिक फायदे भी फायदेमंद होते हैं लेकिन उसी परिस्थिति में, जब उनका संबंध भविष्य के नुकसान से न हो।

इसलिए समझदारी इसी में है कि मार्केट में हो रही हलचलों को सूँघकर पहचानें कि आगे ऊँट किस करवट बैठने वाला है और उसी के हिसाब से तैयारी शुरू कर दें। लेकिन कुछ लोग सोचते हैं कि जो होना है वह होकर रहेगा। वैसे भी अभी से क्यों परेशान हों। जब होगा तब देखा जाएगा। तो भैया, ऐसे में देखा नहीं, भुगता जाता है। यहाँ तक कि कई बार तो बंदरों की तरह अफसोस करने का भी मौका नहीं मिलता। इसलिए होनी का इंतजार मत करो।

यदि दूर की सोचकर पहले से ही अपनी तैयारी रखेंगे तो आप भी दूर तक जाएँगे यानी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे। अरे, आज वित्तीय वर्ष का आखिरी दिन है। चलो, कल से शुरू होने वाले वर्ष 2008-09 की तैयारी करें ताकि जो टारगेट बनाए हैं, उन्हें पूरा किया जा सके।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा