1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

जिंदा दिए न कौरा मरे खवाए चौरा

गुरुमंत्र मगध सम्राट अजातशत्रु तर्पण पितृपर्व
ND
मगध सम्राट अजातशत्रु ने सत्ता प्राप्ति के लिए अपने पिता बिंबिसार का वध करवा दिया था। उनकी हत्या का बदला लेने के लिए उनके मित्र कौसल नरेश प्रसेनजित ने मगध पर आक्रमण कर रणभूमि में अजातशत्रु को चारों ओर से घेरकर उसे जल्द ही निहत्था कर दिया।

जब वे अजातशत्रु का सिर काटने ही वाले थे कि उसकी आँखों के भाव देखकर उनके हाथ थम गए। तभी अजातशत्रु चिल्लाया- रुको मत, मुझे मार डालो। तभी मुझे शांति मिलेगी।

हैरान प्रसेनजित के कारण पूछने पर वह बोला- महाराज, जिस दिन मैंने अपने पिता के वध का आदेश दिया था, उसी दिनमेरा पुत्र भी पैदा हुआ था। उसे गोद में लेते ही मुझे बोध हुआ कि अपने पुत्र के लिए एक पिता के मन के कैसे भाव आते हैं।

वैसे ही भाव मेरे पिता के मन में भी मेरे जन्म के समय आए होंगे। मैंने तुरंत अपना निर्णय बदला और सैनिकों को वधशाला की ओर दौड़ाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। उस दिन से मैं अपराधबोध से ग्रसित हूँ। मेरे मन का सारा चैन, सारी शांति खो चुकी है, इसलिए मैं मरना चाहता हूँ।

इस पर प्रसेनजित बोले- इस तरह तो तुम मरकर भी शांति नहीं पा सकोगे। शांति के लिए तो तुम जीवन की कामना करो। इसके बाद मगध लौटकर उसने अशांति से छुटकारा पाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। अपने आप से भागने के लिए उसने फिर युद्ध शुरू कर दिए, लेकिन युद्ध जीतकर भी वह खुद को नहीं जीत पाया। हर जीत के बाद मायूसी उसे घेर लेती थी। अंततः अपने वैद्य और मित्र जीवक की सलाह पर वह गौतम बुद्ध की शरण में गया और शांति पाई।

दोस्तो, व्यक्ति दुनिया से तो भाग सकता है लेकिन खुद से नहीं। सत्ता के लिए अपने पिता का वध करवाने वाला अजातशत्रु उसका सुख जिंदगी भर नहीं भोग पाया। वह हमेशा अपने आप से भागता रहा। उसके जैसे बहुत से लोग आपको अपने आसपास भी मिल जाएँगे, जिन्होंने अपने पालकों का शारीरिक रूप से भले ही नहीं, मानसिक रूप से वध कर दिया है।
इनमें से जिन्हें अपनी गलती का अहसास हो गया है वे अब पश्चाताप की अग्नि में जल रहे हैं और जो अभी नहीं जान पाए हैं कि वे क्या अनर्थ कर चुके हैं, वे बाद में पछताएँगे।

यदि आप भी ऐसा कुछ करने जारहे हैं या कर रहे हैं तो जान लें कि अपने पालकों का दिल दुखाकर आप कभी चैन से नहीं रह पाएँगे। जब आपको अपनी गलती का अहसास होगा, तब तक बहुत देर हो चुकी होगी और आपके पास अजातशत्रु की तरह अपने आप से भागने के सिवाय कुछ नहीं बचेगा। यह भी तय हैकि आप भाग भी नहीं पाएँगे।

दूसरी ओर, बहुत से लोग अपने माता-पिता को जीवित अवस्था में तो चैन की रोटी के लिए तरसा देते हैं, लेकिन उनके नहीं रहने पर दिखावे के लिए उनकी याद में बड़े-बड़े ब्राह्मण-भोज करवाते हैं। कहावत भी है कि 'जिंदा दिए न कौरा, मरे खवाए चौरा।' ये अपने पालकोंका श्राद्ध भी दिखाने के लिए ही करते हैं या फिर इसलिए कि कहीं पितरों की आत्माएँ उन्हें परेशान न करें। यानी उनकी मृत्यु के बाद भी इन्हें चैन नहीं। लेकिन अपना किया ही इन्हें चैन कैसे लेने देगा?

इन्हें पता ही नहीं होता कि पितर कभी परेशान नहीं करते बल्कि इनकाभीतर ही इन्हें कचोटता रहता है। इसलिए जिन्होंने हमें जन्म दिया, हमें बड़ा किया, आज हम जहाँ हैं, जिनकी वजह से हैं, छोटे से लोभ के लिए हम उनके प्रति अपने कर्तव्यों से न चूकें। उन्हें प्रसन्न रखें। तभी आप भी हमेशा प्रसन्न रहेंगे।

और अंत में, श्राद्ध प्रारंभ हो चुके हैं। अपने पितरों को याद करने की यह अनोखी परंपरा हमें विरासत में मिली है। आज हम जो कुछ भी हैं, अपने पूर्वजों की वजह से ही हैं। उन पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्राद्ध पक्ष में तर्पण किए जाने की परंपरा है।

हम चाहेंगे कि इन दिनों में आप अपने पितरों के साथ ही उन लोगों को भी पूरी श्रद्धा से तर्पण दें, जो आपके जीवन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से महत्वपूर्ण योगदान देकर चले गए, क्योंकि श्राद्ध वही है जो श्रद्धा से किया जाए। इससे वे निश्चित ही खुश होकर आपकी प्रगति के लिए आपको आशीर्वाद देंगे। अरे भई, माँ-बाप को दुःखी रखकर श्राद्ध करने से पितर खुश नहीं होते।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा