1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

घर आए पूजें नहीं बाँबी पूजन जाएँ

नागपंचमी  बाँबी
ND
एक महिला प्रतिदिन नाग देवता के चित्र पर पुष्प चढ़ाती और अक्षत-कुंकुम से उनकी पूजा कर उनसे अपने घर में सुख-समृद्धि की कामना करती। उसकी भक्ति से प्रसन्ना होकर नाग देवता एक दिन उसके घर पहुँच गए।

आँगन में झाड़ू लगाते समय जब उसकी दृष्टि घर आए नागदेव पर पड़ी, तो वह घबरा गई और झाडू लहराकर उन्हें भगाने की कोशिश करने लगी। लेकिन नाग देवता टस से मस भी नहीं हुए और अपना फन फैलाए बैठे रहे।

उसके जोर-जोर से चिल्लाने के कारण कुछ ही देर में घर के सभी लोग वहाँ इकट्ठा हो गए। वह बोली- अरे, खड़े क्या हो। कितना भयंकर साँप है। इसका काटा तो पानी भी न माँगे। इससे पहले कि यह किसी को डस ले, लाठी लेकर इसे मार भगाओ। इस पर परिवार के लोग लाठियाँ ले आए। इस बीच उसकी बातों से आहत नाग देवता अप्रसन्न होकर वहाँ से चले गए।
  एक महिला प्रतिदिन नाग देवता के चित्र पर पुष्प चढ़ाती और अक्षत-कुंकुम से उनकी पूजा कर उनसे अपने घर में सुख-समृद्धि की कामना करती। उसकी भक्ति से प्रसन्ना होकर नाग देवता एक दिन उसके घर पहुँच गए।      


कुछ दिन बाद जब नागपंचमी आई, तो वह महिला पूजा की थाली सजाए गाँव के बाहर बनी नाग की बाँबी के पास पहुँची। पूजा करने के बाद उसने दूध से भरा मिट्टी का सकोरा वहाँ रख दिया और बाँबी को प्रणाम करके लौट आई।

दोस्तो, ऐसी ही परिस्थिति के लिए एक कहावत है कि 'घर आए पूजें नहीं, बाँबी पूजन जाएँ।' यह बात बिलकुल सही है।

हम अपने घर आए व्यक्ति को पूछते नहीं या यूँ कहें कि अगर कोई आगे रहकर हमारे पास आता है, तो हम उसकी कद्र नहीं करते हैं। फिर चाहे वह व्यक्ति कितना ही महत्वपूर्ण क्यों न हो, हमारे कितने ही काम का क्यों न हो और वह हमारी सहायता करने ही क्यों न आया हो। तब हमें उसकी नीयत में कोई खोट, कोई स्वार्थ, कोई गरज नजर आती है। और हम उसकी भावनाओं, उसकी सकारात्मक सोच को बिना समझे उसे दुत्कार देते हैं, चलता कर देते हैं।
ऐसा तब अधिक होता है, जब कोई प्रतिभावान व्यक्ति किसी कंपनी में आगे रहकर नौकरी माँगने जाता है। अव्वल तो उसे इधर-उधर के बहाने बनाकर लौटा दिया जाता है। या उसे रखा भी जाता है तो उसकी मजबूरी का फायदा उठाया जाता है। सामने वाले के पास भी समझौता करने के सिवाय कोई चारा नहीं रहता, क्योंकि तब उसकी गरज जो होती है। वैसे भी कहते हैं कि व्यक्ति आसानी से मिली चीज का मोल नहीं समझता।

अकसर लोग उस व्यक्ति की भावनाओं की कद्र नहीं करते जो उन पर जान छिड़कता है। वह तो उसके पीछे भागता है, जिसे वह चाहता है। फिर सामने वाला चाहे उसकी भावनाओं का मखौल ही क्यों न उड़ाए, दुत्कारे। लेकिन नीति कहती है कि जो आपको चाहे, आप उसे चाहो। तब आपको अपनी चाहत के चलते सामने वाले से धोखा नहीं मिलेगा, जबकि जिसे आप चाहते हैं, उससे आपको धोखा, बेवफाई मिलने की संभावना ज्यादा होती है।

करियर में भी वे ही लोग गच्चा देकर निकल जाते हैं, जिनके पीछे पड़कर उन्हें कोई व्यक्ति अपने साथ जोड़ता है। इसलिए बेहतर यही है कि जो आपके प्रति समर्पित होकर, आपकी भावनाओं, आपकी नीतियों से प्रभावित होकर आपकी संस्था से जुड़ने आया है, उसकी भावनाओं को पहचान कर उसे मौका दें। वह कभी आपको अप्रसन्न नहीं करेगा।

लेकिन जिसके पीछे लगकर आप उसे अपने साथ जोड़ेंगे, वह गाहे-बगाहे आपकी अप्रसन्नता का कारण बनेगा। इसलिए अपनी नहीं, सामने वाले की गरज देखें। तभी वह आपके काम का है, वर्ना वह आपको काम में ले लेगा यानी आपका कंधे की तरह इस्तेमाल करके आगे निकल जाएगा।

और अंत में, आज नागपंचमी है। आज के दिन नाग देवता की पूजा की जाती है। इसके पीछे भाव यही है कि बरसात के दिनों में अपने बिल या बाँबी में पानी भर जाने पर बेघर होकर आश्रय तलाशता साँप यदि आपके घर में आ जाए, तो उससे डरकर उसे मारने की बजाय उसे तरीके से बाहर निकाल दें। वैसे भी यह ज्ञात तथ्य है कि साँप को जब तक परेशान न किया जाए, वह किसी को काटता नहीं।

किसानों के इस मित्र की मजबूरी को समझकर ही श्रावण मास में नागपूजा का विधान रखा गया होगा ताकि बेघर होकर मारा-मारा फिरता साँप मारा न जाए। अरे भई, आपके हाथ में ये दूध का कटोरा अचानक खाली कैसे हो गया। कहीं आपकी आस्तीन में ही तो कोई साँप नहीं।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा