1. खबर-संसार
  2. करियर
  3. गुरु-मंत्र

कान दोगे तो वे खा जाएँगे कान

कान दोगे
एक महिला अपने रोते-बिलखते छोटे-से बच्चे को चुप कराने की जी-तोड़ कोशिशें कर रही थी, लेकिन बच्चा लाख कोशिशों के बाद भी चुप नहीं हो रहा था। इस बीच द्वार पर भिक्षा माँगने आए एक साधु को देख महिला बच्चे को डराते हुए बोली- चुप हो जा नहीं तो साधु बाबा तेरा कान काट लेंगे।

तब भी बच्चा चुप नहीं हुआ तो वह साधु से बोली- बाबा, देखो ये चुप ही नहीं हो रहा। आप इसके कान काट लो। तभी मानेगा। इस पर साधु ने बिना सोचे-विचारे बच्चे का कान काट लिया। बच्चे के कान से खून बहने लगा तथा वह दर्द के मारे और जोर से रोने लगा। महिला को समझ में ही नहीं आया कि यह क्या हो गया।

वह साधु पर चिल्लाई- तू साधु है या कसाई। बच्चे का कान काटते हुए तुझे जरा भी दया नहीं आई। साधु- बेटी, मैंने तो वही किया, जो तूने कहा। महिला- अरे निर्बुद्धि, मैं तो बच्चे को डराने के लिए यूँ ही ऊपरी मन से कह रही थी। साधु- मुझे क्या मालूम कि किसी के दो मन भी होते हैं। हम साधुओं का तो एक ही मन होता है। आगे से ध्यान रखूँगा। कुछ दिनों बाद उस महिला के घर में आग लग गई।
  एक महिला अपने रोते-बिलखते छोटे-से बच्चे को चुप कराने की जी-तोड़ कोशिशें कर रही थी, लेकिन बच्चा लाख कोशिशों के बाद भी चुप नहीं हो रहा था। इस बीच द्वार पर भिक्षा माँगने आए एक साधु को देख महिला बच्चे को डराते हुए बोली- चुप हो जा नहीं तो साधु बाबा...      


महिला उसे बुझाने का प्रयत्न कर रही थी कि वह साधु वहाँ पहुँचा। उसे देखकर महिला बोली- महाराज, आग बुझाने में मेरी मदद करो, वरना सब कुछ राख हो जाएगा। लेकिन साधु शांत भाव से खड़ा रहा। और देखते ही देखते सब कुछ भस्म हो गया।

इस पर महिला बिलखते हुए साधु से बोली- कैसे निर्दयी हो तुम। मेरा घर जल रहा था लेकिन तुम्हेंजरा भी दया नहीं आई और बुत बने खड़े रहे। साधु बोला- बेटी, मुझे लगा कि तू पिछली बार की तरह ऊपरी मन से कह रही होगी। इसलिए मैंने कुछ न करना ही बेहतर समझा। उसकी बात सुनकर महिला ने अपना सिर धुन लिया।

दोस्तो, यह तो अति है। अगर आप सामने वाले की कहने की मंशा या भाव को जाने बिना उसकी बात को पकड़कर बैठ जाओ, तो यह तो गलत है ना। आपको अपनी बुद्धि का प्रयोग करके यह तो जानना ही चाहिए कि सामने वाले ने किन संदर्भों में कोई बात कही है। लेकिन कुछ लोग उस साधु की तरह बात को पकड़कर बैठ जाते हैं और गलती होने पर गले पड़ जाते हैं कि आप ही ने तो ऐसा करने को कहा था।
इसलिए किसी भी प्रतिक्रिया से पहले अच्छी तरह सोच-विचार कर लें कि आपसे जो बात कही गई है, आपको जो हिदायत दी गई है, उसके पीछे मंशा क्या है। तब आप उचित और सटीक कदम उठाएँगे अन्यथा कुछ का कुछ समझकर कुछ कर बैठेंगे और परिणामस्वरूप आप चाहेंगे कुछ और हो जाएगा कुछ। इसके साथ ही सामने वाले से ऐसी कोई बात नहीं कहना चाहिए जिसके पीछे का आशय उसे समझ में न आए।

यदि आप भी उस महिला की तरह गलती करेंगे तो आपके लिए भी कोई न कोई मुसीबत खड़ी हो सकती है। इसलिए बेहतर है कि आप जो कुछ कहें, वह एक ही मन से, स्पष्ट रूप से कहें ताकि आपकी बात सामने वाले को सीधे-सीधे समझ में आ जाए। जब ऐसा होगा तो आपका कान तो बचेगा ही, साथ ही वह ऐसा कुछ भी नहीं करेगा जिससे आपकी नाक कटे।

दूसरी ओर, बहुत से लोगों की आदत होती है कान खाने की। दरअसल ऐसे लोग किसी भी बात को या तो कान खोलकर नहीं सुनते या फिर किसी भी बात को इसलिए बार-बार पूछते रहते हैं, ताकि सामने वाला तंग आकर इनसे पीछा छुड़ाने के लिए इनका कहा मान ले।

इनसे बचने का सबसे बेहतर तरीका यही है कि इनकी बात पर कान ही न दिया जाए या फिर कान पर हाथ रख लिया जाए यानी इन्हें दो-टूक शब्दों में बता दिया जाए कि आप इनकी बातों में आने वाले नहीं हैं। तब ये समझ जाएँगे कि आप कान के कच्चे नहीं हैं और ये आपकेकान खाना बंद कर देंगे और काटने की तो सोचेंगे भी नहीं।

और अंत में, सूर्यमुखी के विश्व-प्रसिद्ध चित्रों के महान चित्रकार विन्सेंट वॉन गॉघ की आज जन्मतिथि है। एक बार उन्होंने अपने चित्रकार मित्र पॉल गॉगुइन से झगड़ते हुए अपना एक कान काट लिया था ताकि फालतू बातें न सुनना पड़ें। वे तो मानसिक रोगी थे, इसलिए समझ नहीं पाए कि इससे समस्या हल नहीं होगी। इसका हल कान काटने में नहीं, कान न देने में है।

अरे, ये फिर आ गया कान खाने। जल्दी से कान में तेल डालकर बैठ जाऊँ।
लेखक के बारे में
मनीष शर्मा