लाइव परफॉर्मेंस के दौरान 'धुरंधर' की सिंगर रेबल के चेहरे से टकराया ड्रोन, वायरल हुआ वीडियो
लाइव म्यूजिक इवेंट्स और अवार्ड शो में ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। असम की राजधानी गुवाहाटी के हातिसिला क्षेत्र में आयोजित 'पल्स 2026 अवार्ड्स' के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी और हैरानी की स्थिति बन गई, जब मंच पर प्रस्तुति दे रहीं चर्चित रैपर और गायिका रेबल के चेहरे से अचानक एक ड्रोन जा टकराया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस कलाकार की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। वायरल फुटेज के मुताबिक, मेघालय की रहने वालीं रेबल (दैफी लमारे) मंच पर पूरे जोश के साथ गा रही थीं और थिरक रही थीं। वह फिल्म 'धुरंधर' के अपने लोकप्रिय गीत 'रन डाउन द सिटी' पर परफॉर्म कर रही थीं।
इसी दौरान अचानक उड़ता हुआ एक ड्रोन रेबल के चेहरे से टकरा गया और नीचे गिरकर क्रैश हो गया। इस अप्रत्याशित टक्कर से रेबल कुछ पलों के लिए स्तब्ध रह गईं। उन्होंने तुरंत अपना गाना रोक दिया और कुछ ही क्षणों बाद दर्शकों से बिना कुछ कहे मंच से नीचे उतर गईं।
इस पूरी घटना का वीडियो इंस्टाग्राम यूजर ने अपने अकाउंट से साझा किया है। वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर ने भी इस बात की पुष्टि की कि प्रस्तुति के दौरान ड्रोन सीधे रैपर के चेहरे पर लगा था। क्लिप सामने आने के बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई प्रशंसकों ने कमेंट कर रेबल का हालचाल पूछा और उम्मीद जताई कि उन्हें कोई गंभीर चोट न आई हो।
वहीं, बड़ी संख्या में यूजर्स ने आयोजकों और ड्रोन ऑपरेटर की लापरवाही पर नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि इतने बड़े मंच और भीड़ के बीच ड्रोन उड़ाते समय कड़ी सावधानी बरती जानी चाहिए, क्योंकि घूमते ब्लेड चेहरे, सिर या गर्दन पर लगने पर बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
फिलहाल इस हादसे को लेकर रेबल या आयोजन टीम की ओर से चोट या स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, घटना के बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर प्रस्तुति से जुड़ा एक वीडियो जरूर साझा किया, जिस पर फैंस की नजरें टिकी हुई हैं।
रेबल के करियर की बात करें तो उन्होंने 2019 में अपने स्वतंत्र संगीत सफर की शुरुआत की थी, लेकिन वर्ष 2025 में रिलीज हुई निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' के गानों ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। इस फिल्म के लिए उन्होंने 'रन डाउन द सिटी - मोनिका', 'मूव - ये इश्क इश्क' और 'नाल नचना' जैसे गीतों में अपनी आवाज दी और संगीतकार शाश्वत सचदेव के साथ गीत लेखन में भी साझेदारी की।

