1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. ranbir kapoor movie ramayan part one jiohotstar pay per view release

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के लिए जियोहॉटस्टार की खास पहल, करोड़ों दर्शकों तक पहुंचेगी फिल्म

Ramayana Part One
एक ऐतिहासिक पहल के तहत, जियोहॉटस्टार और प्राइम फोकस स्टूडियोज ने नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ को भारत के अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए साझेदारी की है। फिल्म की विशेष थिएटर रिलीज के बाद यह साझेदारी भारत के कालजयी महाकाव्य की इस भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को जियोहॉटस्टार की तकनीक और व्यापक पहुंच के साथ जोड़ती है। 
 
इसके जरिए देश के करोड़ों दर्शकों तक फिल्म पहुंचाई जाएगी। यह पहली बार है जब जियोहॉटस्टार अपने प्लेटफॉर्म पर पे-पर-व्यू सुविधा के तहत दर्शकों को फिल्म अलग से खरीदकर देखने का विकल्प उपलब्ध कराएगा। यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें IMAX 3D भी शामिल है। 
विशेष थिएटर रिलीज की अवधि पूरी होने के बाद भारत में दर्शक जियोहॉटस्टार पर एक विशेष ऑन-डिमांड खरीद विकल्प के जरिए फिल्म देख सकेंगे। जियोहॉटस्टार की तकनीकी क्षमताओं और व्यापक पहुंच का लाभ उठाते हुए, इस साझेदारी का उद्देश्य देशभर के दर्शकों तक फिल्म को सभी समर्थित डिवाइस पर बेहतरीन संभव गुणवत्ता में पहुंचाना है।
 
जियोस्टार की चेयरपर्सन श्रीमती नीता एम. अंबानी ने कहा, रामायण भारत की सबसे महान सभ्यतागत धरोहरों में से एक है। यह ऐसी कहानी है, जिसने सदियों से हमारी चेतना को आकार दिया है, हमारी कल्पनाओं को प्रेरित किया है और हमारे जीवन को दिशा दी है। जैसे-जैसे भारत कहानी कहने के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है, हमारे पास अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का एक असाधारण अवसर है। जियोहॉटस्टार में हमारा दृष्टिकोण तकनीक के माध्यम से बेहतरीन कहानियों को हर भारतीय तक पहुंचाना है। 
 
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा, मेरा मानना है कि रामायण का अनुभव सबसे बड़ी स्क्रीन पर, IMAX 3D में किया जाना चाहिए। लेकिन हमारे देश में सिनेमाघरों का बुनियादी ढांचा अभी हर उस व्यक्ति तक नहीं पहुंच सकता, जिसके दिल में इस महाकाव्य के लिए विशेष स्थान है। रामायण हर भारतीय की है और हमारी महत्वाकांक्षा भी इसी सोच को दर्शानी चाहिए। जियोहॉटस्टार ने खेल और मनोरंजन के माध्यम से तकनीक की ताकत से पूरे देश को जोड़ने का काम बार-बार किया है। 
 
प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा निर्मित ‘रामायण’ का निर्माण आठ बार ऑस्कर जीत चुके प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो DNEG तथा यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह दो भागों वाली लाइव-एक्शन सिनेमाई प्रस्तुति है, जिसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि की रामायण पर आधारित होकर तैयार की है।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और ए. आर. रहमान ने संभाली है। वहीं, रवि बंसल और रैमसे एवरी ने प्रोडक्शन डिजाइन तैयार किया है, जबकि टेरी नॉटरी और गाय नॉरिस ने एक्शन कोरियोग्राफी की है। IMAX और अन्य प्रीमियम सिनेमाई फॉर्मेट को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह फिल्म भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा जगत की दिग्गज प्रतिभाओं को एक साथ लाती है, ताकि रामायण की दुनिया को अभूतपूर्व भव्यता और पैमाने पर जीवंत किया जा सके।
 
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल सहित कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ‘रामायण: पार्ट वन’ इस दिवाली, 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
Daler Mehndi Controversy: नशे के आरोप पर अनुपम खेर ने मंत्री को लताड़ा, बॉलीवुड सितारे उतरे समर्थन में