1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. tiger-shroff-firing-arms-supply-network-salman-akshay-security

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा, दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

Tiger Shroff Firing
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि अमृतसर से हथियार लाकर मुंबई में एक नाबालिग तक पहुंचाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क अनिल पंडित के निर्देशों पर काम कर रहा था।
 
इस मामले की जांच के बीच बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है। सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में बुलेटप्रूफ ग्लास शील्ड को अपग्रेड किया जा रहा है, जबकि अक्षय कुमार के घर पर भी बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने का काम चल रहा है।
 

अमृतसर से हथियार लाकर मुंबई पहुंचाए

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधा, बबीता, सुमित और कुणाल के रूप में हुई है। इनमें कुणाल हाल ही में एक दूसरे मामले में जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह अनिल पंडित के निर्देश पर अपने साथी सुमित के साथ अमृतसर गया और वहां तय जगह से हथियार लेकर आया।
 
पुलिस के मुताबिक, हथियारों को मुंबई पहुंचाने के लिए राधा और बबीता की मदद ली गई। दोनों ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई पहुंचीं और 17 तारीख की सुबह करीब 11 बजे दादर रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग को खेप सौंप दी। आरोपी 15 तारीख को रवाना हुए थे।
 

एन्क्रिप्टेड माध्यमों से मिलते थे निर्देश

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, कुणाल और अनिल पंडित के बीच एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होता था। हथियार कहां से लेने हैं, उन्हें मुंबई तक कैसे पहुंचाना है और किसे सौंपना है, इन सभी बातों के निर्देश इसी माध्यम से दिए जाते थे।
 
पुलिस का कहना है कि हथियारों की आवाजाही सुनिश्चित करने में कुणाल की अहम भूमिका थी। इस काम के लिए उसे करीब 70 से 80 हजार रुपये मिलने की जानकारी मिली है। 
 
पुलिस के मुताबिक, अनिल पंडित और हैरी बॉक्सर के तार रणदीप मलिक गैंग से जुड़े हैं। हाल के दिनों में इस गैंग का नाम रंगदारी के लिए फोन करने और फायरिंग की घटनाओं में सामने आया है। 
 
डीसीपी ने यह भी बताया कि कुणाल पहले अनिल पंडित के निर्देश पर पानीपत में फायरिंग की एक घटना को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपसी संपर्कों और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
 
पुलिस ने फिलहाल पूछताछ में किसी दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाए जाने की जानकारी मिलने से इनकार किया है। जांच के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका मुख्य रूप से हथियार हासिल करने और उन्हें तय जगह तक पहुंचाने की थी।
 

सलमान खान और अक्षय कुमार के घरों की सुरक्षा बढ़ी

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई कि हमलावरों ने पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी। वहां कड़ी सुरक्षा देखकर वे आगे नहीं बढ़े।
 
इसके बाद मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में सलमान खान के घर की बुलेटप्रूफ ग्लास शील्ड को अपग्रेड किया जा रहा है। सलमान को पहले से ही वाई-प्लस (Y+) सुरक्षा मिली हुई है और उनके आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
 
वहीं, अक्षय कुमार के घर पर भी सुरक्षा बढ़ाने के साथ बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने का काम जारी है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच के साथ अब पुलिस की पड़ताल इस बात पर भी केंद्रित है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और हथियारों का आगे क्या इस्तेमाल होना था। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद अलर्ट पर बॉलीवुड, सलमान-अक्षय के घरों में बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने का काम शुरू