1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. don 3 controversy ranveer singh exit farhan akhtar fwice decision 40 crore compensation
Last Updated : रविवार, 24 मई 2026 (15:21 IST)

Don 3 Controversy: क्या रणवीर सिंह पर गिरेगी गाज? फरहान अख्तर की शिकायत पर FWICE सुनाएगा फैसला

Don 3 controversy
बॉलीवुड की सबसे सफल एक्शन फ्रेंचाइजी में से एक 'डॉन 3' इन दिनों अपनी स्टारकास्ट या शूटिंग नहीं, बल्कि मेकर्स और एक्टर के बीच उपजे एक गंभीर कानूनी व आपसी विवाद को लेकर सुर्खियों में है। कभी शाहरुख खान की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए चुने गए रणवीर सिंह और फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर के बीच का मनमुटाव अब पूरी तरह जगजाहिर हो चुका है। 
 
फरहान अख्तर ने इस मामले को लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) का दरवाजा खटखटाया है। अब सभी की निगाहें सोमवार, 25 मई को होने वाली FWICE की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां इस हाई-प्रोफाइल विवाद पर अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।
इस पूरे विवाद की शुरुआत दिसंबर 2025 में हुई, जब रणवीर सिंह ने अचानक इस मेगा-बजट फिल्म से अपने हाथ पीछे खींच लिए। चौंकाने वाली बात यह थी कि कुछ ही समय पहले रणवीर की जासूसी थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
 
खबरों के मुताबिक, 'धुरंधर' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' की स्क्रिप्ट में कुछ बड़े बदलावों और वॉयलेंस टोन को लेकर मांग रखी थी, जिसे निर्देशक फरहान अख्तर ने सिरे से खारिज कर दिया। वहीं, कुछ अफवाहें यह भी थीं कि रणवीर के करियर के पिछले खराब दौर को देखते हुए मेकर्स पहले उन्हें रितिक रोशन से रिप्लेस करने की सोच रहे थे, जिससे दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी।
 
40 करोड़ का मुआवजा और मेकर्स का दावा
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' का आरोप है कि रणवीर सिंह ने शुरुआत में स्क्रिप्ट को हर स्तर पर मंजूरी दी थी। एक्टर की रजामंदी के बाद ही प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन, ग्राउंडवर्क और शेड्यूलिंग पर लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च कर दिए थे।
रणवीर के अचानक फिल्म से बाहर होने के कारण मेकर्स को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा। मेकर्स ने रणवीर सिंह से 40 करोड़ के हर्जाने की मांग की थी। हालांकि, प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने दोनों पक्षों को कोर्ट जाने के बजाय आपस में मामला सुलझाने की सलाह दी थी, लेकिन बात नहीं बन सकी।
 
जब आपसी बातचीत से कोई समाधान नहीं निकला, तो फरहान अख्तर ने 'इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन' के माध्यम से FWICE में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। FWICE ने अपने बयान में कहा, फेडरेशन ने शिकायत और उससे जुड़ी सभी परिस्थितियों का बारीकी से अध्ययन किया है। हम सोमवार शाम करीब 4:00 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस मामले पर अपना आधिकारिक रुख और फैसला साझा करेंगे।
 
हाल ही में द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में फरहान अख्तर ने इस पूरे विवाद पर अपना दर्द साझा किया था। उन्होंने कहा था, मैंने यह सीखा है कि फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा अप्रत्याशित के लिए तैयार रहना चाहिए। जब तक कोई चीज कैमरे के सामने न आ जाए, तब तक उसे पक्का नहीं मानना चाहिए। कई बार जब ऐसे रोड़े सामने आते हैं, तो मुझे लगता है कि मुझे वापस सिर्फ एक्टिंग की तरफ लौट जाना चाहिए, ताकि इन सब झंझटों से दूर रह सकूं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Bigg Boss 17 फेम सोनिया बंसल का Cannes डेब्यू, ट्रेडिशनल अवतार में बिखेरा जलवा