1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. akanksha chaudhary casting couch revelation lock upp 2 beauty pageant controversy

आकांक्षा चौधरी ने सुनाई कास्टिंग काउच की दर्दनाक कहानी, बोलीं- 'पैसों के बदले मेरे साथ सोने की डिमांड हुई'

Akanksha Chaudhary
ग्लैमर और चकाचौंध से भरी मनोरंजन दुनिया की चमक-धमक के पीछे एक ऐसा कड़वा सच छिपा है, जो अक्सर नए कलाकारों के सपनों को चकनाचूर कर देता है। हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप 2' से बाहर हुईं मॉडल और एक्ट्रेस आकांक्षा चौधरी ने इंडस्ट्री के इसी काले अध्याय कास्टिंग काउच पर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। 
 
शो के मंच से जाते-जाते आकांक्षा ने अपनी ज़िंदगी के उस दर्दनाक वाकये को साझा किया, जिसने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया था। आकांक्षा ने बताया कि ब्यूटी पेजेंट के दौरान उन्हें कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा था। एक बड़ी हस्ती ने उनकी मदद केन के लिए उनके साथ सोने की डिमांड की थी। 
 
मदद मांगने गई थीं आकांक्षा
अपनी आपबीती सुनाते हुए आकांक्षा ने बताया कि यह घटना उनके करियर के शुरुआती दिनों की है। उस वक्त उन्हें एक बड़े ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लेने के लिए करीब 1 से 2 लाख रुपये की सख्त जरूरत थी। यह रकम उनके कपड़ों, ग्रूमिंग और ट्रेनिंग फीस के लिए चाहिए थी। चूंकि उनका परिवार इस खर्चे को उठाने में असमर्थ था, इसलिए उन्होंने इस फील्ड के एक बेहद प्रभावशाली और वरिष्ठ व्यक्ति से मदद लेने का फैसला किया।
 
वह शख्स ब्यूटी पेजेंट इंडस्ट्री का जाना-माना नाम था, जो कई बड़े शो जज कर चुका था और अक्सर नए प्रतिभागियों की आर्थिक मदद के लिए जाना जाता था। आकांक्षा ने उनसे मदद मांगी और बदले में उनके पास कुछ महीनों तक कर्मचारी के रूप में काम करने की पेशकश की।
 
घर बुलाकर की बदसलूकी और रखी शर्मनाक शर्त
उस शख्स ने आकांक्षा को अपने घर बुलाया। चूंकि आकांक्षा पहले भी काम के सिलसिले में उनके घर जा चुकी थीं, इसलिए उन्हें किसी गलत इरादे का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन वहां पहुंचते ही स्थिति बदल गई।
 
आकांक्षा के मुताबिक जब मैं वहां पहुंची, तो उन्होंने मुझे गले लगाने के बहाने पास बुलाया, लेकिन गले लगाने के बजाय धक्का दिया और जबरन पकड़ लिया। वह उम्र में काफी बड़े थे। मैंने तुरंत उनका हाथ झटका और पीछे हट गई।
 
इसके बाद उस प्रभावशाली व्यक्ति ने जो कहा, वह और भी हैरान करने वाला था। उसने आकांक्षा से सीधे तौर पर पैसों के बदले शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रख दी। उसने कहा, "मैं तुम्हें जितने पैसे चाहिए दे रहा हूं, लेकिन बदले में तुम्हें मेरे साथ सोना होगा।" उसने बाकायदा यह तय करने की कोशिश की कि महीने में कितनी बार आकांक्षा को उसके पास आना होगा।
 
आकांक्षा ने इस घिनौने प्रस्ताव को बिना एक पल गंवाए तुरंत खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्हें उनके गंदे इरादों का ज़रा भी अंदाज़ा होता, तो वह कभी उनसे मिलने नहीं जातीं। प्रस्ताव ठुकराए जाने पर उस व्यक्ति ने उन्हें धमकी भरे लहजे में कहा कि "तुम दो साल के भीतर अपने इस फैसले पर पछताओगी और तुम्हारा करियर खत्म हो जाएगा।"
 
मेहनत के दम पर बनाई पहचान
हालांकि, आकांक्षा ने साबित कर दिया कि सफलता किसी के रहमो-करम या समझौते की मोहताज नहीं होती। उन्होंने इस धमकी के आगे घुटने टेकने के बजाय अपनी मेहनत पर भरोसा रखा। उन्होंने कहा, मुझे अपने फैसले पर आज भी कोई पछतावा नहीं है। उस घटना के ठीक 6 महीने बाद मैं एक बहुत बड़े टीवी शो का हिस्सा बनी और आज एक साल बाद मैं देश के सबसे बड़े रियलिटी मंच पर खड़ी रही हूं।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
फिल्मों के साथ बिजनेस में भी आगे रितिक रोशन, 5 साल की बड़ी प्रॉपर्टी डील चर्चा में