रितिक रोशन पर भड़कीं कंगना रनौत: सबा आजाद का जिक्र कर बोलीं- 'अपनी पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद करो'
बॉलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने पुराने विवाद को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस बार कंगना ने अभिनेता रितिक रोशन पर ऑनलाइन ट्रोलिंग को बढ़ावा देने और बेवजह की टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।
कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए न केवल रितिक को नसीहत दी, बल्कि उनकी मौजूदा पार्टनर सबा आजाद का नाम लेते हुए उनसे अपने व्यवहार में सुधार करने की बात कही।
क्या है नया विवाद और कैसे हुई शुरुआत?
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कंगना रनौत के छात्र आंदोलनों से जुड़े एक हालिया बयान के बाद सोशल मीडिया पर "वी नीड टू अपॉलोजी टू रितिक रोशन" (हमें ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए) ट्रेंड करने लगा।
एक यूजर के ऐसे ही पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रितिक रोशन ने कमेंट किया, "मेरे दोस्त, सिर्फ इसलिए 'A' का साथ देना क्योंकि अब आपको 'B' पसंद नहीं है, हमारे समाज की एक बड़ी समस्या का छोटा सा हिस्सा है। मैं उस वक्त का इंतजार करूंगा जब इसका संदर्भ सही होगा और यह तथ्यों पर आधारित होगा। लेकिन फिर, अब किसे फर्क पड़ता है?"
ऋतिक के इस बयान का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कंगना रनौत ने अपनी भड़ास निकाली। कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रितिक के इस कमेंट वाली खबर को री-शेयर किया और सीधे तौर पर उन पर वार किया।
कंगना ने लिखा, प्रिय रितिक, मुझे खुशी है कि आपको अपना परफेक्ट मैच सबा आजाद मिल गई हैं। आप दोनों साथ में बहुत अच्छे लगते हैं और एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं। ऐसे में आपको किसी महिला को इस तरह चिढ़ाना शोभा नहीं देता। इसके बजाय आपको उन लोगों की निंदा करनी चाहिए जो आपका नाम लेकर मुझे परेशान और ट्रोल कर रहे हैं। आग में घी डालना और अपनी पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद कीजिए। उम्मीद है कि आपमें समझदारी आएगी और आप ऐसी गैर-ज़रूरी टिप्पणियां करना बंद करेंगे।
2016 से चला आ रहा है विवाद
कंगना और रितिक के बीच का यह विवाद नया नहीं है। साल 2016 में एक इंटरव्यू के दौरान जब कंगना ने रितिक को "सिल्ली एक्स" कहकर संबोधित किया था, तब से दोनों के बीच का मनमुटाव सार्वजनिक हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे को कानूनी नोटिस भेजे, ईमेल लीक हुए और सार्वजनिक मंचों से एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। कंगना का दावा था कि दोनों एक वक्त पर रिश्ते में थे, जबकि रितिक हमेशा इन दावों का खंडन करते आए हैं।

