1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. ajay devgn chauhan teaser controversy mohammed zeeshan ayyub official statement voice removed

अजय देवगन की 'चौहान' के टीज़र पर बवाल, मोहम्मद जीशान अय्यूब बोले- मेरी आवाज़ गलत संदर्भ में इस्तेमाल हुई

Ajay Devgn
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' के शीर्षक की घोषणा के साथ ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के टीजर में इस्तेमाल किए गए संवाद 'पठानों से कहना, चौहान आ रहा है' को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही थीं। लेकिन इस विवाद के बीच एक और बात ने दर्शकों का ध्यान खींचा—टीज़र में सुनाई दे रही अभिनेता मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब की आवाज़ का अचानक बदल जाना।
 
अब इस पूरे घटनाक्रम पर खुद ज़ीशान अय्यूब ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक आधिकारिक बयान जारी कर पूरी स्थिति साफ की है और स्पष्ट किया है कि इस प्रोजेक्ट से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
 
बिना संदर्भ के डब कराई गई थी लाइन
मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब ने अपनी पोस्ट में खुलासा किया कि यह पूरा काम उनकी अनभिज्ञता में हुआ था। उन्होंने लिखा कि कुछ महीने पहले निर्माताओं के साथ निजी और अच्छे संबंधों के चलते उन्होंने 'गुड फेथ' में एक लाइन डब की थी। उस समय उन्हें न तो फिल्म के विषय की कोई जानकारी दी गई थी और न ही उस संवाद का कोई संदर्भ बताया गया था।
 
ज़ीशान ने लिखा, "जैसे ही फिल्म का टीज़र रिलीज़ हुआ और मैंने देखा कि मेरी आवाज़ का किस संदर्भ में (गलत) इस्तेमाल किया गया है, मैंने तुरंत निर्माताओं से संपर्क किया। मैंने उनसे टीज़र से मेरी आवाज़ हटाने का कड़ा विरोध दर्ज कराया।" अभिनेता के कड़े ऐतराज के बाद निर्माताओं ने टीज़र से उनकी आवाज़ हटा दी। 
 
विवादित डायलॉग पर बढ़ा था बवाल
फिल्म के टीज़र में शामिल संवाद "पठानों से कहना, चौहान आ रहा है" रिलीज़ होते ही चर्चा और आलोचना का विषय बन गया था। कई लोगों ने इस डायलॉग को सांप्रदायिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील करार दिया।
 
ज़ीशान अय्यूब बॉलीवुड में अपनी चुनिंदा फिल्मों और सामाजिक-राजनीतिक रुख के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने साफ किया कि एक कलाकार के तौर पर वे कभी भी किसी ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनेंगे जो समाज में नकारात्मकता फैलाए। टीज़र में अपनी आवाज़ का ऐसा इस्तेमाल देखकर उन्होंने तुरंत दूरी बनाना ही सही समझा।
 
अजय देवगन की इस नई फिल्म का निर्माण आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस द्वारा किया जा रहा है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही इस फिल्म के टीज़र के आने के बाद से ही इसके विषय को लेकर बहस छिड़ गई थी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
प्रभास बने देश के सबसे पसंदीदा स्टार, ऑरमैक्स रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान