छात्रों के समर्थन में उतरा बॉलीवुड, अरिजीत सिंह के पोस्ट ने मचाई हलचल, खुशबू पटानी पहुंचीं जंतर-मंतर
राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर क्षेत्र एक बार फिर बड़े जनांदोलन का केंद्र बन गया है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा आयोजित 'चलो संसद' विरोध प्रदर्शन के दौरान NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांगों को लेकर हजारों छात्र सड़कों पर उतरें।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे प्रदर्शन के वीडियो में दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज करते देखा जा सकता है। छात्रों संग ऐसा बर्ताव देख बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने नाराजगी जताई है। सेलेसब्स छात्रों के पक्ष में अपनी आवाज उठा रहे हैं। मशहूर गायक अरिजीत सिंह, अभिनेत्री दिशा पटानी की बहन खुशबू पटानी और अभिनेता विजय वर्मा ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अरिजीत सिंह का सरकार और व्यवस्था पर निशाना
अरिजीत सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक के बाद एक कई पोस्ट साझा किए. उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली और नेतृत्व की खामोशी पर सवाल उठाते हुए लिखा कि नेताओं को समय रहते इस मुद्दे का समाधान निकालना चाहिए था।
उन्होंने लिखा, लीडर इतने दिनों से क्यों चुप था? उन लोगों को पहले ही सब सॉल्व कर देना था... जबरदस्ती करेंगे हम सब लोग, ईगो-ईगो खेलेंगे। इतना अव्यवस्था क्रिएट करने का मौका क्यों दिया गया? क्योंकि सबको पता था सीजेपी को कोई सीरियस ले नहीं रहा है। अव्यवस्था होगी तो अपने आप लॉ एंड ऑर्डर दिखाकर चैप्टर खत्म कर देंगे।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में छात्रों के प्रति अपनी संवेदना और गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा कि बदलाव ही अंतिम सत्य है और इस तरह छात्रों पर दबाव बनाना पूरी तरह से अनुचित है।
खुशबू पटानी खुद पहुंचीं ग्राउंड ज़ीरो
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी की बहन खुशबू पटानी केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि वे खुद छात्रों का हौसला बढ़ाने जंतर-मंतर पहुंचीं। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शन स्थल के कई वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें पुलिस कार्रवाई के दृश्य शामिल थे।
खुशबू ने आरोप लगाया कि यह एक पूरी तरह से शांतिपूर्ण प्रदर्शन था, जिसमें बहुत छोटे और युवा छात्र हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने लिखा कि पहले प्रदर्शनकारियों को घेरा गया और फिर उन पर लाठियां चलाई गईं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के सिद्धांतों के विपरीत बताते हुए कहा कि युवाओं के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए था।
विजय वर्मा ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
अभिनेता विजय वर्मा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए इस प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई का विरोध जताया। उन्होंने वर्ष 2021 की चर्चित फिल्म 'ईब आले ऊ!' के पोस्टर का संदर्भ देते हुए जमीनी हालात को दर्शाने की कोशिश की। जब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी इस पोस्ट पर ऐतराज जताया और उन्हें अनफॉलो करने की बात कही, तो विजय वर्मा ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने एक GIF शेयर करते हुए लिखा, "चुपचाप भी अनफॉलो कर सकते हो, सब बताना नहीं होता।"
एकजुट हुआ बॉलीवुड और मनोरंजन जगत
NEET धांधली और छात्रों पर हुई कार्रवाई के खिलाफ मनोरंजन जगत का बड़ा वर्ग एकजुट नजर आ रहा है। शबाना आजमी और प्रकाश राज जैसे वरिष्ठ कलाकार खुद प्रदर्शन स्थल पर सीजेपी नेताओं और छात्रों के साथ खड़े दिखाई दिए। इसके अलावा सोनू सूद, सोनाक्षी सिन्हा, एल्विश यादव, विशाल ददलानी, अनुराग कश्यप, सोहा अली खान, मुनव्वर फारूकी, शेखर सुमन, दीया मिर्जा और वीर दास जैसी हस्तियों ने भी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए छात्रों की मांगों का समर्थन किया है।

