Bigg Boss 20 का हुआ ऐलान, मेकर्स ने दिखाई पहली आधिकारिक झलक
टीवी का सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो 'बिग बॉस' के हर सीजन को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है। सलमान खान सालों से 'बिग बॉस' को होस्ट करते नजर आ रहे हैं। दो दशकों से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा यह शो अब अपने 20वें सीजन के साथ इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मेकर्स ने 'बिग बॉस 20' का आधिकारिक ऐलान करते हुए एक बेहद ही बोल्ड, सिनेमैटिक और आकर्षक नया 'आई लोगो' (Eye Logo) जारी किया है। हर बार की तरह, इस बार भी बिग बॉस का लोगो सिर्फ एक आइकॉन नहीं बल्कि पूरे सीजन की थीम को दर्शाता है।
20वें सीजन का नया लोगो दो दशकों के यादगार पलों से प्रेरित है। इसे एक 'पोर्टल' के रूप में डिजाइन किया गया है, जो दर्शकों को सीधे बिग बॉस के घर के अंदर छिपी वास्तविक दुनिया में ले जाएगा। लोगो में इस्तेमाल किए गए जीवंत और चमकीले रंग घर के अंदर पल-पल बदलते रिश्तों, भावनाओं और समीकरणों को दर्शाते हैं।
'बिग बॉस 20' का लोगो का डिज़ाइन यह संकेत देता है कि इस सीजन में कंटेस्टेंट्स का हर एक फैसला उनके गेम को पूरी तरह से पलट सकता है। लोगो के टेक्स्ट को 'प्रीमियम मेटैलिक गोल्ड' लुक दिया गया है, जो इस 20 साल के सुनहरे सफर और ग्रैंड स्केल को शानदार अंदाज में पेश करता है।
सलमान खान फिर संभालेंगे 'वीकेंड का वार' की कमान
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर बिग बॉस के होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं। सलमान और बिग बॉस का नाता इतना गहरा है कि दर्शक उनके बिना इस शो की कल्पना भी नहीं कर सकते। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान इन दिनों निर्देशक वामसी पेडिपल्ली की आगामी एक्शन फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। हालांकि, बिग बॉस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को देखते हुए, भाईजान की टीम उनके शेड्यूल को इस तरह एडजस्ट कर रही है ताकि वह 21 सितंबर के आसपास शो की शूटिंग शुरू कर सकें।
'बिग बॉस 20' को और अधिक मनोरंजक और प्रासंगिक बनाने के लिए मेकर्स इस बार कास्टिंग पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ओटीटी और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए, शो में डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोकप्रिय रिएलिटी शो के युवा चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके अलावा, मेकर्स टेलीविजन के नामचीन सितारों के साथ-साथ कुछ पूर्व कंटेस्टेंट्स को भी इस ऐतिहासिक सीजन का हिस्सा बनाने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी प्रतिभागी के नाम पर मुहर नहीं लगी है, लेकिन ऑडिशन और बातचीत का दौर अंतिम चरण में है।
कब और कहाँ प्रसारित होगा शो?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'बिग बॉस हिंदी सीजन 20' अपने पारंपरिक शेड्यूल का पालन करेगा और 2026 के सेकेंड हॉफ में टीवी पर दस्तक देगा। दर्शक इस शो का लुत्फ Colors TV और डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म JioHotstar पर उठा सकेंगे।

