'प्रताप' के जरिए सचिन सराफ ने दिखाई पावर और कुर्सी की असली कहानी, बोले- ताकत कभी आपकी थी ही नहीं
बेसिकली कहानी यह है कि अपनी जगह एक मिडिल क्लास व्यक्ति के तौर पर हम सभी के कुछ ऐसे दोस्त होते हैं, जो आईएएस, आईपीएस ऑफिसर या सरकारी अधिकारी बनने का सपना देखते हैं। उन्हें सरकारी नौकरी चाहिए होती है। लेकिन सरकारी नौकरी मिलने के बाद उनके पास जो पावर और अथॉरिटी आती है, उसमें उनका रुआब ही अलग हो जाता है। यह सब हम बचपन से अपने आसपास देखते आ रहे हैं। हमारे बहुत सारे रिश्तेदार या दोस्त ऐसी पोजीशन पर होते हैं। ये कहना है सचिन सराफ का जिनकी पहली निर्देशित फिल्म 'प्रताप' लोगों के सामने आ रही है।
सचिन आगे बताते हैं, लेकिन इसमें एक दूसरा पहलू भी है। जब 20-25 साल की सर्विस के बाद किसी भी कारण से इन लोगों की नौकरी चली जाती है, वे सस्पेंड हो जाते हैं या नौकरी से निकाल दिए जाते हैं, तो उनका पूरा सपना टूट जाता है। बचपन से जो सपना देखा था कि मुझे आईएएस ऑफिसर बनना है या फॉरेन सर्विस में जाना है, वह सिर्फ उनका सपना नहीं होता। वह उनके माता-पिता का, उनके परिवार का, उनकी पत्नी और बच्चों का भी सपना होता है।
एक लड़की ने यह सोचकर किसी सरकारी अधिकारी से शादी की होती है कि उसकी जिंदगी सुरक्षित रहेगी। लेकिन जब उस व्यक्ति की नौकरी और पद चला जाता है, तो उस सुरक्षा का क्या होता है? अखबारों में रोज हम ऐसी खबरें पढ़ते हैं कि कोई रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया, कोई भ्रष्टाचार में पकड़ा गया, किसी के घर से हजारों करोड़ रुपये मिल गए। इन खबरों और इनके पीछे होने वाले अपराधों पर हम फिल्में और सीरीज देखते रहे हैं। लेकिन उसके बाद क्या हुआ? अफसर को तो पकड़कर जेल ले गए, लेकिन उसकी पत्नी और बच्चे तो पीछे रह गए। हो सकता है कि बच्चा अमेरिका जाने की तैयारी कर रहा हो, पत्नी ने कोई अपार्टमेंट बुक किया हो, जिसकी ईएमआई जा रही हो। अब उनका क्या होगा?
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सचिन बताते हैं, कहानी इसी पहलू के बारे में है। जब आप उस पावर से गिरते हैं, जब वह शक्ति आपके पास नहीं रहती, तब आपको एहसास होता है कि वह शक्ति आपकी कभी थी ही नहीं। आप तो एक सामान्य आदमी हैं, बाकी लोगों की तरह। शक्ति तो उस कुर्सी की थी, जिस पर आप बैठे हुए थे। यह वह पहलू है, जिसे हम कभी नहीं देखते। फिल्मों में हम देखते हैं कि एक विलेन है, जिसकी वजह से पुलिस वालों को टॉर्चर किया गया, पुलिस को उठाकर ले गए, फिर इंस्पेक्टर ने बदला कैसे लिया। लेकिन उस पावर के जाने के बाद उस व्यक्ति और उसके परिवार के साथ क्या होता है, यह कहानी उस बारे में है।
अमित साध और ऐशा को फिल्म के लीड में चुनने की खास वजह।
अमित शुरू में थोड़ा हिचकिचा रहे थे कि ब्रीद में मैंने काम किया है और वह भी पूरे सीजन से चले आ रहे हैं। तो फिर से कॉप का रोल करूंगा। फिर जब मैंने उन्हें एक बार बताया कि यह कहानी है, तो मैंने कहा कि पहले सुन लो, पढ़ लो। उसके बाद अगर आपको नहीं लगता कि करना चाहिए, तो मत करना। जब उन्होंने पढ़ा तो तुरंत मेरा फोन आया, स्क्रिप्ट के लिए। वह विदेश जा रहे थे।
अमित ने कहा कहा कि मेरे पास टाइम मिलेगा तो मैं पढ़ लूंगा। मैंने फ्लाइट में पढ़ने के लिए पीडीएफ मेल कर दी। रास्ते में फ्लाइट में उन्होंने पढ़ी और जैसे ही यूरोप में लैंड किया, वहां से फोन किया कि यह बहुत अलग है, मैं यह कर रहा हूं। ऐशा जी के साथ भी ऐसा ही हुआ। ईशा को कहानी और रोल पसंद आ गया था। वह सिर्फ यह जानना चाहती थीं कि किस तरह से करेंगे, क्या करेंगे। एक बार उन्हें वह चीज स्पष्ट रूप से समझ में आ गई, तो उन्होंने हामी भर दी। तो ऐसा कोई बड़ा फैसला नहीं था, क्योंकि यह एक अलग तरह की कहानी है। कोई भी इसे सुनेगा तो जरूर करेगा।
कौन है ऐसा वीर व्यक्ति, जो आपकी जिंदगी में रहा है? और आपका फेवरेट कॉप कौन है?
फेवरेट तो अमित जी हैं। अमित जी का मुझ पर बहुत बड़ा प्रभाव रहा है। हमारा बचपन उन्हीं को देखते हुए गुजरा है। इसके बाद सनी सर के साथ मैंने तीन फिल्मों में असिस्ट किया है और मैं उन्हें एक शानदार इंसान मानता हूँ। अमित जी के साथ भी मैंने तीन फिल्में असिस्ट की हैं और सनी सर के साथ भी काम किया है। दोनों जिस तरह के एक्टर्स हैं, उन्हें जब सेट पर देखते हो तो बहुत मजा आता है। आपको महसूस होता है कि ये स्टार हैं। इसलिए दोनों मेरे फेवरेट हैं।
और जिंदगी में आपका प्रतापी व्यक्ति कौन है?
नहीं, प्रतापी व्यक्ति ऐसा तो नहीं कहूँगा, लेकिन मैं किसी एक व्यक्ति का प्रशंसक नहीं हूँ। क्योंकि जब आप किसी व्यक्ति को पढ़ते हो, मैं इतिहास बहुत पढ़ता हूँ, तो आपके सारे भ्रम टूट जाते हैं। चाहे वह लेनिन हों या माओ। जब आप उन्हें पढ़ते हो, तो आपके सारे भ्रम टूट जाते हैं।

