हिसाब से ही लें पैरासिटामोल
BBC
एडिनबरा युनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इस विषय पर शोध किया है और 161 मामलें में 'ओवरडोज' यानी ज्यादा खुराक से विपरीत परिणाम देखने को मिले। उनका कहना है कि पुराने दर्द को भगाने के लिए पैरासिटामोल ले रहे लोगो को ये पता नहीं चल सकता है कि कब खुराक ज्यादा हो गई है और लिवर यानी गुर्दे पर असर पड़ने लगा है।
शोधकर्ताओं ने बताया कि जान को खतरे में डालने वाले ये लक्षण मरीजों और यहां तक कि डॉक्टरों की निगाहों से भी बच सकते हैं।
डॉक्टरों को खून की जांच से इनका पता नहीं चल सकता है क्योंकि सामान्य जांच में लक्षण तभी अधिक स्पष्ट होते हैं जब एक ही बार में दवा की ज्यादा खुराक ली जाए।
खतरनाक : रिपोर्ट इस बात का इशारा करती है कि जो लोग रोज थोड़ी-थोड़ी ज्यादा खुराक लेते हैं उनका हश्र उन लोगों से बुरा होता है जो एक ही बार में बहुत बड़ी खुराक ले लेते हैं।
इस खोज में यूनिवर्सिटी के अस्पताल में 663 मरीजों की जांच की जिनके गुर्दे खराब थे। इनमें 161 मामले ऐसे थे जिनमें पैरासिटामोल की थोड़ी ज्यादा खुराक रोज ली गई थी।
इनमें मरीज को गुर्दे और दिमाग की बीमारी की शिकायत होने की संभावना ज्यादा दिखाई दी और उन्हें डायलिसिस और सांस लेने में मदद की जरूरत भी महसूस हुई।
शोधकर्ता डॉक्टर केनेथ सिंप्सन कहते हैं, 'इन लोगों ने खुदकुशी के लिए एक बार में ढेर सारी गोलियां नहीं खाई हैं। लेकिन समय के साथ सेहत को नुकसान बढ़ता जाता है जो प्राणघातक हो सकता है।'
रॉयल फार्मास्युटिकल सोसायटी के प्रोफेसर रोजर नैग्स कहते हैं, 'अगर लोगों को दर्द होता है और पैरासिटामोल से लाभ नहीं मिलता तो उन्हें दवा की खुराक बढ़ाने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। बजाय इसके उन्हें डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए और दर्द जिस वजह से हो रहा है उसपर मदद लेनी चाहिए।'

