शाहरुख का नया 'केबीसी'
|
भले ही इस शो से पिछली बार शाहरुख ज्यादा टीआरपी नहीं बटोर पाए थे पर इस बार निर्माताओं को उनसे काफी उम्मीद है।
बॉलीवुड के इस बादशाह के सितारों की बुलंदी को देखते हुए केबीसी के निर्माताओं ने शाहरुख के साथ 'केबीसी-द्वितीय' में किस्मत आजमाने का फैसला किया है।
छोटे पर्दे से शाहरुख की मोहब्बत लाजिमी है क्योंकि, करियर की शुरुआत ही शाहरुख ने छोटे पर्दे से की थी। शाहरुख के साथ 'केबीसी-प्रथम' उतने दर्शक नहीं खींच पाया था लिहाजा शो को बंद कर दिया गया था।
खिलाड़ियों के खिलाड़ी : अपने 'खिलाड़ी कुमार' के अंदाज एकदम निराले हैं। अक्षय कुमार ने अब पारंपरिक खेल कुश्ती को जिंदा रखने के लिए कुछ पहलवानों का खर्च उठाने का फैसला किया है।
हाल ही में महाराष्ट्र कुश्ती एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए) ने एक दंगल का आयोजन किया था। अक्षय कुमार भी यहाँ पहुँचे थे और कुश्ती के दाँव-पेंच देखने के बाद उन्होंने इस बात का ऐलान कर दिया।
अक्षय ने इस आयोजन में शामिल हुए पाँच पेशेवर पहलवानों की पूरी जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि वो सुनिश्चित करना चाहेंगे कि उन पहलवानों को अपने करियर सँवारने के रास्ते में कोई आर्थिक दिक्कत न आए।
अक्षय कुमार खुद भी अच्छा-खासा मार्शल आर्ट जानते हैं और खेलों से उनकी मोहब्बत किसी से छिपी भी नहीं है।
'एनिमेशन हीरो' अजय देवगन : लगता है अजय देवगन ने भारत में एनिमेशन फिल्म में काम करने का जिम्मा अपने सिर ले लिया है। जल्द ही वो एक और एनिमेशन फिल्म में नजर आएँगे।
ये फिल्म भारत की पहली थ्री डी और लाइव एक्शन एनिमेशन फिल्म होगी। खास बात ये है कि इस फिल्म में उनकी हीरोइन होंगी उनकी ही पत्नी काजोल। इस फिल्म का नाम है 'टूनपुर का सुपरहीरो'।
इस फिल्म में अजय देवगन और काजोल 50 कार्टून कैरेक्टर्स के साथ झूमते-नाचते नजर आएँगे। ये फिल्म हॉलीवुड की 'स्पेस जैम' और 'हू फ्रेम्ड रोजर रैबिट' से प्रेरित है।
फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं किरीट खुराना जो पहले कई विज्ञापन और एनिमेशन फिल्म बना चुके हैं। किरीट के अनुसार 'टूनपुर का सुपरहीरो' अचानक कार्टूनों की दुनिया में पहुँच जाता है और वो सचमुच हीरो साबित होता है।
वैसे अजय, इससे पहले भी आपने राजू चाचा में भी काफी एनिमेशन इस्तेमाल किया था और उसका हश्र तो आप देख ही चुके हैं बाकी, हमारी शुभकामनाएँ आपके साथ हैं।

