योग नहीं करते पर योगी हैं देवानंद
|
भारत के स्क्रीन लिजेंड्स की अगर कभी लिस्ट बनाई जाएगी तो उसमें देवानंद साहब का नाम सबसे ऊपर शुमार होगा?
नहीं-नहीं, मैं खुद को इतना लायक नहीं मानता, ये तो आपकी जर्रानवाजी है। लेकिन इतना कहूँगा कि मैं इस देश के साथ ही बड़ा हुआ और जो कुछ पाया यहीं से पाया। मैं तो 19-20 साल की उम्र में लाहौर से बॉम्बे आया। मैंने लाहौर के गवर्नमेंट कॉलेज से बीए ऑनर्स किया था और अपनी मास्टर डिग्री की पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन पैसे की समस्या थी। पिताजी चाहते थे कि मैं किसी बैंक में नौकरी कर लूँ।
पर मैंने मन में कुछ करने की ठानी, मैंने इसके बारे में अपनी आत्मकथा, 'रोमांसिंग विद लाइफ' में लिखा है। जेब में सिर्फ तीस रुपए थे, ट्रेन में तीसरे दर्जे का टिकट लेकर उस वक्त चलने वाली फ्रंटियर मेल से 24 घंटे का सफर करके आ गया बम्बई। ये बात है 1943 की। यही वो वक्त था जब गाँधीजी का 'भारत छोड़ो आंदोलन' अपने चरम पर था। उसके बाद मैंने दो साल तक खाक छानी, लेकिन मेरे पास इन दो सालों के दौरान कुछ हाथ में नहीं था, बमुश्किल 20-21 साल की उम्र थी, इसके बाद मुझे 1945 में पहला ब्रेक मिला।
आपको ये पहला ब्रेक कैसे और कब मिला?
मुझे सेना में सेंसर ऑफिस में पहली नौकरी मिली। उस समय लड़ाई चल रही थी। मेरा काम होता था फौजियों की चिट्ठियों को सेंसर करना, लेकिन कुछ दिनों के बाद मुझे लगने लगा कि ये नौकरी मेरे मिजाज से मेल नहीं खाती क्यों कि सुबह से शाम तक समय बीत जाता था मैं किसी से मिल नहीं पाता था।
लेकिन फौजी जो अपने घरों में चिट्ठियाँ लिखते होंगें वो खासी रोमांटिक होती होंगी?
सच में एक से एक बढ़कर रोमांटिक चिट्ठियाँ होती थी। एक चिट्ठी का जिक्र करूँ, उसमें एक मेजर ने अपनी बीवी को लिखा कि उसका मन कर रहा है कि वो इसी वक्त नौकरी छोड़कर उसकी बाहों में चला आए। बस मुझे भी ऐसा लगा कि मैं भी नौकरी छोड़ दूँ। बस फिर छोड़ दी नौकरी, लेकिन किस्मत की बात है कि उसके तीसरे ही दिन मुझे प्रभात फिल्म्स से बुलावा आया। किसी ने मुझसे कहा कि देखने सुनने में मैं ठीक हूँ तो मुझे कोई चांस मिल सकता है। मैं वहाँ गया। प्रभात के मालिक बाबूराम भाई ने मुझे बुला लिया। उन्होंने मुझे पूना भेज दिया। 1947 में प्रभात बैनर की पहली फिल्म ‘हम एक हैं’ आई, ठीक उसी वक्त देश को आजादी मिली, लेकिन मुल्क का बँटवारा भी उसी समय हो गया।
लेकिन मेरा फिल्मी करियर 1947 से आज 2008 तक जारी है। मैंने अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के तौर पर हर तरह की भूमिका निभाई। नवकेतन के बैनर तले मैंने रिकॉर्ड 36 फिल्में बनाईं थीं। अभी हाल में संपन्न फ्रांस के कान फिल्म महोत्सव से लौटा हूँ। मेरी 1966 में बनाई फिल्म ‘गाइड' को वहाँ पर फिल्मों के क्लासिक दर्जे में चुना गया था।
सुना है कि आप जब कान जा रहे थे तो इस फिल्म के डायरेक्टर अपने भाई विजय आनंद को बहुत मिस कर रहे थे।लेकिन माना जाता है कि उस फिल्म की पूरी कहानी उस समय के हिसाब से बहुत ही मॉडर्न थी। कुछ इसका विरोध भी हुआ था?
ये तो सच है। फिल्म इतनी मॉडर्न थी कि सेंसर ऑफिस में चिट्ठी भेजी गई कि देव साहब की फिल्म में अश्लीलता है इसलिए इस पर रोक लगनी चाहिए। गाइड किताब पर अंग्रेजी फिल्म पर कोई विवाद नहीं हुआ था और ये बाजार में ठीक -ठाक चली थी, पर हमने किताब की कहानी में थोड़ा हेरफेर करके इसे हिंदी में बनाया था, क्योंकि हमें एडल्ट्री का एंगल भी दर्शाना था। लेकिन लोगों नें इसे पसंद किया था। 1965-66 की इसी फिल्म से ही रंगीन फिल्मों का सिलसिला चल निकला था।
देव साहब एक बात जो मानी जाती है कि गाइड के राजू गाइड का किरदार आपके व्यक्तित्व से काफी हद तक मेल खाता था। वही तिरछी चाल, बाँकी अदाएँ, डायलॉग डिलीवरी का अनोखा अंदाज?
मुझे लगता है कि कुछ मेरे अंदर था और कुछ मैंने खुद को राजू गाइड के किरदार में ढालने की कोशिश की थी।
लेकिन इस फिल्म में एक अलग चीज दिखी कि रोमांटिक देव साहब, फिल्म के अंत में एक साधु के रूप में दिखे, तो ये कुछ आपकी इमेज से मेल नहीं खाता था। इस पर क्या कहना है?
| |
देव साहब आपकी चाल, आपकी अनोखी अदा और पहचान बन गई थी, क्या कहते हैं?
ये तो सच है कि मैं उस वक्त और आज भी थोड़ा झुककर चलता हूँ, लेकिन मुझे ये गुमान नहीं कि मैं बहुत खूबसूरत हूँ। पर जब मेरी पहली फिल्म रिलीज हुई तो लोगों ने कहा था कि लड़का खूबसूरत है। मुझमें उसके बाद आत्मविश्वास आया जो लगातार बढ़ता गया। लेकिन मेरा मानना है कि हर कोई खूबसूरत होता है लेकिन ये खुद पर निर्भर करता है कि आप किस चीज में खूबसूरती देखना चाहते हैं।
देवसाहब की डायलॉग डिलीवरी का भी अलग ही अंदाज रहा है। आपका एक डॉयलॉग 'जॉनी मेरा नाम नहीं' खासा चर्चित हुआ था। ऐसा कोई डायलॉग, जो आपको बेहद पसंद हो?
मैंने इतनी फिल्मों में काम कर लिया है कि शायद ये सोचने में मुझे दो घंटा लग जाएगा। लेकिन एक जमाना ऐसा भी आया जब मैंने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया था। मैंने उस वक्त फिल्में डायरेक्ट और लिखना शुरू कर दिया था। लेकिन मुझे दुनिया में किसी भी काम से फिल्म बनाने का काम सबसे बेहतरीन लगता रहा है।
दरअसल एक बार जब आप दर्शक के दिल में अपना घर बना लेते हैं तो दुनिया आपको देखना चाहती है। कितना खूबसूरत है कि आपके एक खयाल से दुनिया इत्तफाक रखती है। आप अगर एक खराब फिल्म बनाते हैं तो भी लोग आपको माफ कर देते हैं, क्योंकि आप दर्शकों के सामने किसी राजनेता की तरह शर्त नहीं रखते कि अगर वोट दोगे तो बदले में कुछ मिलेगा। ये एक एक्सपेरीमेंट की तरह है जो अगर सफल हो जाए तो दुनिया आपके पीछे चलने लगती है। पर एक्सपेरीमेंट की प्रक्रिया हमेशा चलती रहनी चाहिए।
ये तो माना जाता है कि आपकी कुछ फिल्में फ्लॉप हुईं हैं लेकिन आपके उत्साह में कोई कमी नहीं हुई। शायद इसका कारण यही है कि लोगों के दिमाग में आपकी उन महान फिल्मों की इमेज बनी हुई है और उन्हें कुछ खराब फिल्मों से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता?
मैं लोगों के प्यार की वजह से खुद को बड़ा महसूस करता हूँ। मैंने जो कुछ भी पाया है वो उन्हीं की देन है। मैंने तीन पीढ़ियों के साथ काम किया है। मैं फिर कहूँगा कि मैं एक्सपेरीमेंट से नहीं डरता। हमेशा सामयिक विषयों पर फिल्म बनाने में यकीन करता रहा हूँ। उदाहरण के लिए प्रेमपुजारी जो 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर बनी थी। नेपाल में शूट हुई एक दूसरी फिल्म हरे राम-हरे कृष्णा लीक से हटकर थी। इसके लिए मुझे पहले नेपाल के किंग ज्ञानेन्द्र ने सम्मानित किया था।
अच्छा देव साहब ये बताइए कि इस उम्र में आप अभी तक जवान नजर आते हैं, इसका क्या राज है?
देखिए आपने मुझसे जो ये सवाल किया, यही मेरे अंदर जवानी को जगा रहा है। कहने का मतलब है कि जवानी आपकी सोच में होती है।
| |
देव साहब ये बताएँ कि क्या राज है कि आप अपनी शर्ट का ऊपर का बटन नहीं खोलते। लोग ये सोचकर आपकी फिल्में देखने जाते हैं कि हो सकता है कि इस बार ये बटन खुल जाए?
दरअसल कुछ आदतें बचपन की पड़ जाती हैं। और सच तो ये है कि मुझे अपनी बॉडी को लेकर कॉम्पलेक्स रहा है, क्योंकि मुझे पता है कि चेहरा तो ठीक-ठाक था, पर मसल्स बिलकुल नहीं थे। इसके बारे में मैंने अपनी आत्मकथा में भी जिक्र किया है।
आप अपने जवानी के दिनों में बेहद हसीन अभिनेता के तौर पर गिने जाते थे, लड़कियाँ भी आपकी दीवानी थी। तो आप कैसा महसूस करते थे?
कहाँ फुर्सत होती थी। एक फिल्म के बाद दूसरी पर लग जाता था। दिमाग में हजारों खयाल आते थे जिन पर अमल भी करना होता था। लेकिन कुछ नया करने और सोचने के लिए इधर-उधर ध्यान देना भी जरूरी है वरना नए खयाल कैसे आएँगे। लेकिन फिर उसके बाद मैं अपने काम में लग जाता था। दुनिया तेजी से चल रही है और जबरदस्त प्रतियोगिता है।
दरअसल मैं एक बेचैन आदमी हूँ, मुझे हर पल- हमेशा ये लगता है कि कुछ करना है, बहुत कुछ करना है। महान लोगों के बारे में पढ़ता हूँ तो लगता है कि मैंने अभी तक कुछ नहीं किया। मैं कभी भी रिटायर होना नहीं चाहता।
मैं अभी एक अंग्रेजी फिल्म बनाने की सोच रहा हूँ, अभी स्कॉटलैंड गया था। वहाँ एक फिल्म कंपनी खोली है, उसी में फिल्म चार्जशीट बनाने की योजना पर अमल चल रहा है। उसमें मैं अंग्रेज कलाकारों को लूँगा। मेरे पास इतना अनुभव है तो क्या मैं अंग्रेजी फिल्म नहीं बना सकता। स्कॉटलैंड में जब मेरी आत्मकथा रिलीज हुई थी तो उसी वक्त मिले प्यार और सम्मान की बदौलत जगे उत्साह से मुझे लगा कि फिल्म बनाई जा सकती है। अभी जब मैं नेपाल गया था तो लड़के-लड़कियाँ मुझसे कह रहे थे कि देवसाहब, हरे-राम, हरे-कृष्णा का पार्ट-2 बनाइए।
आपने 'हरेराम- हरेकृष्णा' की बात की, उसका 'दम-मारो-दम' गाना बेहद लोकप्रिय हुआ था। लेकिन एक खास बात है कि अपनी फिल्मों में आप नए कलाकारों को मौका देकर उन्हें हिट करा देते हैं, तो कैसे आपकी नजर इतनी पारखी है?
सच ये है कि स्क्रिप्ट के मुताबिक मैं कलाकार की तलाश करता हूँ। बस जो आपकी स्क्रिप्ट की जरूरत है उसी के हिसाब से लड़के या लड़कियों को तलाश करता हूँ। मान लीजिए कि एक बदसूरत लड़की की कहानी हो तो मुझे उसे तलाश करना होगा और जब वो फिल्म में दिखेगी तो लोग कहेंगे कि वाह क्या बात है, सोचते हैं कि बस ऐसा ही हमें भी बनना है। दरअसल अगर आपको वो चीज मिल जाए जो आपका दिल कहता है तो उससे बेहतर कुछ नहीं।
देव साहब, राजकपूर के लिए कहा जाता था कि वो अपनी हर हीरोइन से प्यार करते थे?
मैं सारी दुनिया से प्यार करता हूँ। शूटिंग के दौरान अपनी पूरी यूनिट से प्यार करता हूँ। और फिर अगर अपनी फिल्म की हीरोइन से ये नहीं समझूँगा कि वो दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की है तो उससे बेहतर परफॉर्मेंस कैसे लूँगा। ये भी प्यार की एक परिभाषा है। कौन-सा आदमी है जो एक खूबसूरत लड़की को या कोई लड़की स्मार्ट लड़के को पसंद नहीं करेगी। लेकिन सामाजिक दायित्व भी निभाना होता है।
तो क्या कभी सामाजिक दायित्व के दायरे से बाहर भी हुए देव साहब?
इस पर चर्चा करना बेकार है। इसके लिए आप मेरी किताब, 'रोमांसिंग विद लाइफ' पढ़ लीजिए। फिर अगर मैंने किसी से प्यार किया होगा तो कहने में कोई शर्म नहीं है, क्योंकि शायद उस वक्त बहुत अच्छा किया होगा। प्यार का हर एक पल खूबसूरत होता है। मुझे अपने जीवन के एक-एक बिताए पल पर नाज है। फिर भला मैं किसी रिश्ते पर पछता कैसे सकता हूँ। मैं खुद में और दूसरों में एक बड़ा फर्क ये महसूस करता हूँ कि मैं अंधाधुंध कुछ नहीं करता, सोच समझकर ही करता हूँ।
एक घटना बताऊँ, अमेरिका ने मुझे पचास साल का फिल्मी करियर पूरा होने के अवसर पर सम्मानित करने के लिए बुलाया। वहाँ मुझसे मिलने के लिए एक 16 साल की लड़की कई दिनों से कोशिश कर रही थी, लेकिन मिल नहीं पा रही थी। पर मुझे पता चला तो उससे मिला। उसकी हालत ये थी कि मुझसे मिलकर कुछ बोल ही नहीं पा रही थी। बाद में कोशिश करने के बाद उसने बताया कि वो मेरे साथ फिल्म में काम करना चाहती थी। मैंने उसे समझाकर मना किया, और कहा कि एक-दो साल बाद ट्राई करना।
|
मुझे पैसे की कोई जरूरत नहीं, बहुत है मेरे पास। सिर्फ तीस रुपए लेकर आया था। जीवन में सब कुछ देख लिया है। सारी खोखली बाते हैं। बस मुझे फिल्म बनानी है। कौन परवाह करता है कि लोग फिल्मों को फ्लॉप कहें या हिट। लेकिन अपने पैसे से फिल्म बनाता हूँ, सामयिक विषय पर फिल्म बनाता हूँ, फिल्म बनाने के लिए हजारों टॉपिक बिखरे पड़े हैं। मैं इसी को अपनी ग्रोथ मानता हूँ, यही मेरा हासिल है, और मुझे इस जीवन में बड़ा मजा आ रहा है।
बात करते हैं दिलीप कुमार, राजकपूर और देव साहब की लोकप्रिय तिकड़ी की। क्या यादें हैं आपकी उनके बारे में?
राज कपूर मेरे बहुत अच्छे दोस्त थे, अफसोस की बात है कि वो दुनिया से जल्दी चले गए। दिलीप साहब महान कलाकार हैं उनकी बहुत इज्जत करता हूँ। लेकिन उनकी अपनी अदा है। मेरा अलग स्टाइल था।
गुरुदत्त साहब के बारे में कहा जाता है कि आप दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे। कई हिट फिल्में दी थीं आपने साथ-साथ?
दरअसल वो मेरे संघर्ष के समय के दोस्त थे। मुझे फिल्मों में ब्रेक जल्दी मिल गया था। मैंने उनसे वादा किया था कि अगर मैं प्रोड्यूसर बना तो उन्हें अपनी फिल्म में लूँगा। मैंने बाजी में उन्हें शामिल किया, उनकी किस्मत थी कि बाजी हिट भी हुई। बाद में उन्होंने अपनी कंपनी खोली उनकी फिल्मों में मैंने काम किया। सीआईडी हिट हुई। उनको एक्टिंग का भी शौक था।
हालाँकि उनकी फिल्में कुछ उदास होती थीं। जैसे कागज के फूल। वो एक बेहतरीन फिल्म थी लेकिन नकारात्मक सोच वाली फिल्म थी। गुरुदत्त निगेटिव फिल्में बनाते थे। बाद में उनका जीवन उदास हो गया था। और शायद यही उनकी जल्द मौत का कारण बना था। उस समय मैं तीन देवियाँ बना रहा था। मौत से एक दिन पहले ही उन्होंने मुझे बुलाया था और अपनी एक फिल्म में काम करने की बात कही थी।
हमने आपकी इतनी यादगार फिल्मों जैसे गाइड, ज्वलेथीफ की बात की। मुझे आपकी फिल्म 'हम दोनों' बहुत अच्छी लगी...
आपको बता दूँ, 'हम दोनों' कुछ ही दिनों बाद रंगीन के रूप में आपके सामने होगी। मुझे लगता है कि ये बहुत ही बेहतरीन होगी। मैं हमेशा सामयिक विषयों पर फिल्म बनाता आया हूँ, मुझे भरोसा है कि अगर आप रंगीन ‘हम दोनों’ को देखेंगे तो लगेगा कि ये आज की फिल्म है, लोगों ने अगर 'गाइड' को 42 साल बाद याद किया है तो कुछ तो होगा। इसी तरह उम्मीद है कि 'हम दोनों' को भी प्यार मिलेगा।
आपको याद होगा जब सोनिया गाँधी के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठने को लेकर जब राजनीतिक असमंजस था तो उस वक्त मेरे दिमाग में इस विषय पर फिल्म बनाने का ख्याल आया था। फिर मैंने 'मिस्टर प्राइम मिनिस्टर' बनाई, और मुझे लगता है कि इस फिल्म को मैं ही
| |
आपका कोई फेवरेट कोस्टार?
मैं इस बारे में कुछ नहीं बोलूँगा। मैं खुद ही स्टार रहा हूँ, और आज भी हूँ। किसी फिल्म में बेहतरीन अदाकारी करने वाला स्टार कहलाने लगता है। स्टारडम का मतलब तो ये होता है कि आप जो करें वो अच्छा हो, लोग उसे सराहें। मुझे लगता है कि सारे टॉप स्टार एक ही दर्जे के लोग हैं बस खास ये है कि जिसको अच्छा रोल मिल जाए वो स्टार हो जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि कोई बादशाह या शहंशाह नहीं है, और न ही इसके पीछे भागना चाहिए। आज सारे यंगस्टर अच्छा परफार्म कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन, शाहरूख, सलमान या आमिर सभी बेहतरीन एक्टिंग कर रहे हैं।
आपकी फेवरेट कोस्टार कौन रहीं। आपकी हीरोइनों में कोई खास। आज भी मुलाकात होती है उनसे?
मैंने बहुत-सी बेहतरीन हीरोइनों के साथ काम किया। मेरी अपनी हीरोइनों में टीना मुनीम अच्छी अदाकारा थीं। मेरी आत्मकथा जब लंदन में रिलीज हुई तो मैंने एक पल में निर्णय किया था कि टीना अंबानी मेरी किताब को रिलीज करेंगी। इसका कारण ये था कि देस-परदेस फिल्म में लंदन में टीना मेरी फिल्म की हीरोइन थी।
ये बताएँ कि आत्मकथा पूरी आपने लिखी है। माना जा रहा है कि ये किसी फिल्मी सितारे की सबसे बेहतरीन आत्मकथा है?
इस किताब का हर एक शब्द, हर एक वाक्य मेरा है। प्रकाशक से मेरी शर्त थी कि सिर्फ व्याकरण को छोड़कर कोई भी बदलाव नहीं किया जाए। इसका कारण ये था कि लोग जब इसे पढ़ें तो उन्हें लगे कि इसे खुद देवानंद बयान कर रहा है।
किशोर कुमार और मोहम्मद रफी, दोनों ने ही आपके लिए गाने गाए। आपका क्या कहना है उन गायकों के बारे में?
दोनों ही बहुत महान गायक थे। पर दोनों का कलेवर अलग था। किशोर जहाँ चुलबुले किस्म के गीतों के उम्दा गायक थे वहीं रफी साहब की आवाज एक सुलझे और समझदार किरदार के लिए बेजोड़ थी। आज भी जब मैं अपनी फिल्मों के गाने सुनता हूँ तो लगता है कि बस इससे बेहतर कोई नहीं गा सकता था। दरअसल गाने के पीछे हमारी मेहनत भी होती थी। सभी लोग मिल बैठकर गाने को बनाते थे।
आपको गाने का भी शौक था क्या?
गाने का शौक तो था, लेकिन दूसरे कामों में मशगूल रहने के कारण समय नहीं मिलता था। फिर गाने वाले कई बेहतरीन कलाकार मौजूद हैं। अपनी फिल्मों में मैं कोई गाना तब तक नहीं लेता जब तक वो मेरे दिल को नहीं छू जाए। इसका पैमाना आदमी के अंदर मौजूद सिक्स्थ सेंस होता है। क्योंकि अच्छा संगीत दिल को छू जाता है।
देव साहब, आप आज इतनी महान हस्ती हैं तो क्या कभी आप मुड़कर सोचते हैं कि इतना लंबा सफर तय कर लिया, क्या एकारण रहा, वो क्या बात रही जिसने आपको यहाँ तक पहुँचाया ?
बड़ा मुश्किल है इस बारे में कोई निष्कर्ष निकालना। जब मैं काम करता हूँ तो मुझे लगता है कि अभी ये परफेक्ट नहीं हुआ है, लेकिन फिर एक सीमा के बाद उसे रोक देना पड़ता है, वरना परफेक्शन की कोई सीमा नहीं। हालाँकि अच्छा है कि आप आसमान छूना चाहें। और आगे बढ़ने के लिए यही एटीट्यूड चाहिए।
फिल्मों के अलावा आप और क्या करना पसंद करते हैं?
कुछ और सोचने की जरूरत नहीं। फिल्मों में सब कुछ समाया हुआ है। चाहें वो राजनीति, कला, संगीत, न्यूज, विचार, गीत हो सब कुछ फिल्मों में हैं। शायद यही कारण है कि सभी लोग फिल्मी कलाकारों को स्टेज पर बुलाना चाहते हैं।
अच्छा ये बताइए आप खुद को फिट रखने के लिए खाते क्या हैं?
देखिए मैं एक एक्टर हूँ, एक्टर के लिए जरूरी है कि वो प्रजेंटेबल हो। आपको अच्छा लगना चाहिए। कुछ भी हो आपको खुद को साबित करने और होड़ में बनाए रखने के लिए खुद को फिट रखने की बहुत जरूरत है। हालाँकि ये बहुत ही मुश्किल काम है। इसके लिए अनुशासन की बहुत जरूरत होती है और मैं इस मामले में बेहद अनुशासित हूँ।
मैं योग नहीं करता लेकिन अंदर से योगी की तरह रहता हूँ। सादा खाना, दाल-रोटी पसंद है। शराब, सिगरेट नहीं पीता। विदेशों में भी जाता हूँ तो भारतीय खाना पसंद करता हूँ। यही कारण है कि कोई फैट नहीं है और इस उम्र में फिट नजर आता हूँ। मैं साधारण परिवार से आया था और आज भी साधारण हूँ, लेकिन इतना जरूर कहूँगा कि देवानंद होना वाकई मुश्किल है।

