बजट : महँगाई और आम आदमी
|
जब प्रधानमंत्री पिछले दिनों उद्योग और वाणिज्य संगठन फिक्की के सम्मेलन में पहुँचे तो उन्होंने महँगाई पर नियंत्रण को एक सामाजिक जवाबदेही करार दिया और कहा कि ये सवाल किए जा रहे हैं कि सरकार आर्थिक विकास को ताक पर रखकर महँगाई पर अनावश्यक ध्यान दे रही है, लेकिन ये ध्यान रखना चाहिए कि महँगाई की मार सबसे ज्यादा गरीबों पर पड़ती है।
उनके इस बयान के बाद शुक्रवार को जारी हुए आँकड़ों में महँगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आर्थिक पत्रकार सुरेंद्र सूद कहते हैं कि बजट में सरकार चाह कर भी कोई ऐसा फैसला नहीं कर सकती जिससे महँगाई अचानक नीचे आ जाए। लेकिन कुछ कदम उठाए जा सकते हैं, जैसे करों में कमी करना।
सरकारी कोष इस ओर इशारा भी कर रहे हैं। वर्ष 2007 में अप्रैल से दिसंबर के बीच कर संग्रह में लगभग 45 फीसदी की वृद्धि हुई है, इसलिए वित्तमंत्री रोजमर्रा की जरूरतों के सामानों पर उत्पाद कर कम कर सकते हैं।
कीमतें घटना की संभावना : दिल्ली विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर आलोक पुराणिक कहते हैं कि बजट में तेल, शैंपू, साबुन जैसे सामानों पर लगने वाले करों में कमी की जा सकती है। साथ ही टेलीविजन, कंप्यूटर, फ्रिज, कार आदि पर भी उत्पाद कर घटाया जा सकता है।
महँगाई दर बढ़ने के पीछे बड़ा कारण पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि है। वामपंथी दलों की लंबे अरसे से माँग रही है कि पेट्रोलियम पदार्थों पर उत्पाद और सीमा शुल्क में कमी की जाए। इनके दाम बढ़ने से माल ढुलाई बढ़ जाती है जिससे सामान की कीमत भी बढ़ जाती है।
सूद कहते हैं कि हमें जिस कीमत पर पेट्रोल या डीजल मिलता है उस कीमत में लगभग आधा हिस्सा करों का होता है।
कर छूट : नौकरीपेशा वर्ग के लोगों को कर छूट की सीमा बढ़ाकर सरकार बड़ा तोहफा दे सकती है। आलोक पुराणिक कहते हैं कि आयकर छूट की न्यूनतम सीमा एक लाख दस हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपए हो जाने की संभावना है। इसके अलावा बुनियादी संरचना मजबूत करने के लिए बने फंडों में निवेश करने पर आयकर में छूट दी जा सकती है।
उनका कहना है कि सरकारी कर्मियों के लिए गठित छठे वेतन आयोग को भी वित्तमंत्री मंजूर कर सकते हैं। हालाँकि इससे सरकारी खजाने पर लगभग 25 हजार करोड़ रुपए का बोझ पड़ सकता है।
सरकार के इस आखिरी बजट में सामाजिक क्षेत्र के लिए धन आवंटन बढ़ने की उम्मीद है। खासकर ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को देश के सभी जिलों में लागू करने की घोषणा हो सकती है।

