1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. धड़ाधड़ बिक रहे हैं ओसामा

धड़ाधड़ बिक रहे हैं ओसामा

ओसामा बिन लादेन
BBC
- रॉब यंग (बिजनेस संवाददाता)

इंटरनेट पर ओसामा बिन लादेन की मौत का जश्न मनाते हजारों स्मृति चिन्हों की धड़ाधड़ बिक्री हो रही है। मिसाल के तौर पर एक चाभी की रिंग जिस पर दो बंदूकों के बीच ओसामा का सर है और लिखा हुआ है 'ओसामा बिन किल्ड' (ओसामा मारे गए)।

ओसामा की तस्वीर वाले चाय और कॉफी के कपों लिखा हुआ है 'डेड'। बच्चों के कपड़े बिक रहे हैं जिन पर लिखा हुआ है 'मैंने मारा ओसामा को'।

कैलिफोर्निया स्थित जैजल वेबसाइट का कहना है कि उन्होंने रविवार से अब तक इंटरनेट पर लाखों ऐसे सामान बेचे हैं और उनकी कीमत 10 से 40 डॉलर तक है। कंपनी 10,000 ऐसी वस्तुएं बेच रही है जिन पर अल कायदा नेता की मौत से जुड़े संदेश छपे हैं।

वेबसाइट के मार्केटिंग निदेशक माइक कार्न्स का कहना है, 'जैजल पर पिछले दो दिनों में जो चीज सबसे ज्यादा बिक रही है वो यही वस्तुएं हैं।'

अमेरिका में बहुत सारे लोग टोपी, कार के स्टिकर और टी-शर्ट डिजाइन करने में जुटे हैं जिन पर ओसामा की छाप है। ये लोग इन्हें डिजाइन करने के बाद सैकड़ों ऑनलाइन स्टोर्स पर डाल देते हैं जो इन्हें छापने के बाद उनकी बिक्री कर रहे हैं।

कई डिजाइनरों को हजारों डॉलर का मुनाफा हो रहा है।

आलोचना : लेकिन मौत का जश्न मनाने वाले इन स्मृति चिन्हों की आलोचना भी हो रही है। बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के श्रोता इस तरह की हरकतों से प्रभावित नहीं नजर आ रहे। सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक पर बीबीसी के श्रोताओं ने जो टिप्पणियां दी हैं उनसे ये स्पष्ट है।

मैथ्यू क्लैनाहन लिखते हैं, 'ये घटियापन है।' वहीं जेर्राड एनजी लिखते हैं, 'कुछ लोग इसे उद्यम का नाम दें, लेकिन मैं इसे लालच कहूंगा।'

जैजल के माइक कार्न्स मानते हैं कि कुछ लोगों को ये व्यापार बुरा लग सकता है। उनका कहना है, 'किसी की मौत का जश्न मनाना अजीब सा लगता है भले ही वो दुनिया का सबसे बड़ा शैतान ही क्यों न हो।'

लेकिन कुछ लोगों का ये भी कहना है कि दुश्मन की मौत पर जश्न मनाना एक प्राचीन परंपरा है-यहां उसे एक आधुनिक जामा पहनाया गया है।

मानवविज्ञानशास्त्री ग्रांट मैक्रकेन का कहना है, 'ये शत्रु की कब्र पर नाचने जैसा है।' वो कहते हैं, 'ज्यादातर लोगों के लिए ये एक राष्ट्रभक्ति है, एक प्रतिक्रिया ये दिखाने के लिए कि जिस आदमी ने अमेरिका में आतंक मचाया अब मर चुका है।'