जीवन की ढलती साँझ में...
|
परंपरागत तौर पर बेटे या बेटियाँ ही अपने बूढ़े माता-पिता की देखरेख करते रहे हैं, लेकिन कश्मीर घाटी में अब कई बुजुर्गों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। ऐसी ही एक बुजुर्ग हैं रिटायर्ड प्रोफेसर एसएन गंजू जिनका बेटा दिल्ली में काम करता है और वहाँ से महीने में एकाध बार फोन भर करता है।
बदलते मूल्य : प्रोफेसर गंजू कहते हैं कि नए जमाने के नौजवान धन-दौलत के पीछे भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएँ खत्म हो चली हैं इसलिए सत्तर या अस्सी साल की उम्र के बुजुर्गों को एक ऐसी जगह चाहिए, जहाँ वो खुलकर अपने दिल की बात कह सकें और ठहाके लगा सकें। उनका कहना है कि इससे बुजुर्गों को मानसिक संतोष मिलेगा क्योंकि नौजवानों के पास उनके लिए समय ही नहीं है।
अठत्तर साल से गुलाम मोहम्मद डार एक व्यापारी हैं और उनकी ही पहल पर कश्मीर में काउंसिल ऑफ सीनियर सिटिजंस संस्था खुली है। वो कहते हैं कि संयुक्त परिवार में रहने वाले बुजुर्ग भी अकेलापन महसूस करते हैं क्योंकि नई पीढ़ी की बुजुर्गों के प्रति सोच बदल चुकी है। वो मानते हैं कि जिंदगी की तेज रफ्तार और बढ़ता भौतिकवाद ही इसका कारण है।
गुलाम मोहम्मद डार कहते हैं कि मेरे बेटे व्यवसाय में हैं और देर रात गए घर लौटते हैं। जितना समय उनके पास होता है वो अपने बच्चों के साथ बिताते हैं। माँ-बाप के लिए तो एक पल भी नहीं है।
|
अकेलापन : उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूँ। नौकर-चाकर रखने लायक काफी पैसा मेरे पास है। लेकिन मुझे वो सहारा नहीं मिलता जिसकी मुझे दरकार है। वो मानते हैं कि वृद्धाश्रम एक बहुत अच्छी शुरुआत हो सकती है।
गुलाम मोहम्मद डार ने बताया कि इस आश्रम में शुरुआत में एक क्लब जैसी सुविधा होगी ताकि बुजुर्ग गपशप और खेलों का आनंद ले सकें। बाद में इस आश्रम का विस्तार किया जाएगा और फिर यहाँ लोग रह भी सकेंगे।
लेकिन अकेलापन ही एकमात्र कारण नहीं है, जो बुज़ुर्गों को परेशान किए हुए है। बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिनके पास पर्याप्त पैसा ही नहीं है।
ऐसे ही लोगों में से हैं अली मोहम्मद जिन्होंने चार साल पहले बढ़ई का काम बंद कर दिया था और अब अपने परिवार के साथ रहते हैं। पिछले चार साल से उन्हें वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है।
उनका कहना है कि प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। कभी अधिकारी नहीं मिलते तो कभी कर्मचारी। अली मोहम्मद जैसे लोगों को भी वृद्धाश्रम से काफी उम्मीदें हैं।
नौजवान पीढ़ी : लेकिन नौजवान पीढ़ी के कुछ लोग मानते हैं कि जरूरी नहीं कि ऐसे वृद्धाश्रम कारगार साबित हों। 29 साल के तारिक अंदराबी कपड़े की दुकान चलाते हैं और कहतै हैं कि ये कोई बहुत अच्छा उपाय नहीं है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अपनी बदहाली के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने अपने बच्चों को नौतिक शिक्षा तो दी नहीं, भौतिकवादी मूल्य दिए हैं। माँ-बाप ने तो सिखाया कि डॉक्टर बनो, इंजीनियर बनो, अमेरिका जाओ। अब जाहिर-सी बात है बच्चे लौटना नहीं चाहते।
लेकिन व्यापारी सैयद मुश्ताक तर्क देते हैं कि नौजवान लोगों को अपने माता-पिता के खस्ता हाल के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए। पर वो मानते हैं कि माता-पिता को भी नई पीढ़ी की मजबूरियों को समझना चाहिए।
वो कहते हैं कि मैं अभी अविवाहित हूँ। तड़के काम पर जाता हूँ और देर शाम गए लौटता हूँ। इसका मतलब ये नहीं है कि मैं अपने माता-पिता को नजरअंदाज कर रहा हूँ। सामाजिक मनोवैज्ञानिक एआर राथर कहते हैं कि बुजुर्गों का बुरा हाल इसलिए हो रहा है क्योंकि सामाजिक मान्यताओं बदल रही हैं।
अब व्यक्तिवाद और प्रतियोगिता पर बहुत जोर है। संयुक्त परिवार टूट चुके हैं और शादी के बाद बच्चे अपने माता-पिता से अलग हो जाते हैं। पर ऐसा भी नहीं है कि पुरानी मान्यताओं को पूरी तरह त्याग दिया गया हो।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बिलाल मलिक पाँच साल तक लंदन में रहकर काम कर चुके हैं। वो कहते हैं कि वो अपने माता-पिता की देखभाल करने के लिए ही कश्मीर लौटे हैं।

