खतरे में है समुद्री जीवन!
BBC |
‘इंटरनेशनल प्रोग्राम ऑन स्टेट ऑफ ओशियंस’ नाम की इस रिपोर्ट में एक अध्ययन के हवाले से कहा गया है कि दुनियाभर में समुद्रों के हालात बद से बदतर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक समुद्रों को इस दुर्दशा से बचाने के लिए जल्द से जल्द कुछ कदम उठाने की जरूरत है। इनमें, मछलियों के जरूरत से ज्यादा शिकार पर रोक, प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी और विलुप्त हो रही प्रजातियों के संरक्षण जैसे सुझाव शामिल हैं।
जरूरी कदम : यह रिपोर्ट इस सप्ताह के अंत पर संयुक्त राष्ट्र के सामने पेश की जाएगी और इस पर विचार-विमर्श के लिए अलग-अलग विषयों से जुड़े वैज्ञानिक आगे आएंगे।
बीबीसी संवाददाता रिचर्ड ब्लैक के मुताबिक रिपोर्ट में साफ तौर पर यह कहा गया है कि समुद्रों के हालात में किए गए आकलन से कहीं अधिक तेजी से गिरावट आ रही है।
कोरल रीफ के खात्मे, समुद्री जीवों की दुर्लभ प्रजातियों के शिकार और तेजी से पिघलती बर्फ ने कई ऐसे खतरे पैदा कर दिए हैं जिनसे समय रहते निपटना जरूरी है।
अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले घटकों ने एक तरह से साथ मिलकर इस नुकसान और खतरे को बढ़ा दिया। अनुसंधानकर्ताओं ने माना है कि वैज्ञानिकों को इस घटनाक्रम का अंदाजा नहीं था।

