कौन हैं अल जवाहिरी?
BBC |
कुछ विशेषज्ञों का मानना हैं कि 11 सितम्बर 2001 को न्यूयॉर्क में हुए हमलों के पीछे अल जवाहिरी का ही दिमाग काम कर रहा था। अमेरिका ने वर्ष 2001 में जिन 22 सर्वाधिक वांछित चरमपंथियों की सूची जारी की थी उनमें ओसामा बिन लादेन के बाद जवाहिरी दूसरे नंबर पर थे।
अमेरिका की संघीय जांच संस्था एफबीआई की वेबसाइट पर सर्वाधिक वांछित चरमपंथियों में अल जवाहिरी को अमेरिकियों का हत्यारा और अमेरिकियों की हत्या करने की साजिश रचने वाला बताया गया है। एफबीआई ने उनके बारे में सूचना देने वाले को 25 मिलियन डॉलर का इनाम देना घोषणा कर रखी है।
भूमिगत : बताया जाता है कि जवाहिरी को आखिरी बार अक्टूबर 2001 में अफगानिस्तान के खोस्त शहर में देखा गया था। अफगानिस्तान से तालिबान की सत्ता खत्म होने के बाद से वे भूमिगत हो गए।
कई बार ये भी कहा गया कि वे या तो उत्तरी अफ्रीका या मध्य पूर्व में कहीं भाग गए मगर अमेरिकी अधिकारी यही कहते रहे कि अल जवाहिरी और ओसामा बिन लादेन के साथ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सीमावर्ती दुर्गम पहाड़ी इलाके में कहीं छिपे हैं।
हाल के वर्षों में अल जवाहिरी अल कायदा के सबसे मुखर प्रवक्ता के रूप में उभर कर सामने आए। 2007 में अल कायदा की ओर से जारी किए गए सोलह वीडियो और ऑडियो टेप में वो ही थे।
चरमपंथ की दुनिया में अल जवाहिरी के बढ़ते कद के चलते 13 जनवरी 2006 में अमेरिका ने उन्हें मारने के मकसद से पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में अल कायदा के चार सदस्य मारे गए, लेकिन जवाहिरी बच गए।
दो हफ्ते बाद अल जवाहिरी एक वीडियो टेप में नज़र आए जिसमें उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज बुश को धमकी देते हुए कहा कि दुनिया की सारी ताकतें मिलकर भी उनकी मौत को एक सेकेंड भी पीछे नहीं सरका सकतीं।
जुलाई 2007 में अल जवाहिरी एक बार फिर वीडियो टेप में दिखाई दिए। आधे घंटे के इस वीडियो में उन्होंने दुनिया के सारे मुसलमानों को अल कायदा के विश्वव्यापी जिहाद में शामिल होने को कहा।
दिसम्बर 2007 में जारी वीडियो में अल जवाहिरी ने अपने साक्षात्कार के लिए लोगों को आमंत्रित किया और इच्छुक संगठनों, व्यक्तियों और पत्रकारों से अपने सवाल भेजने को कहा।
पढ़े लिखे परिवार के सदस्य : जवाहिरी का जन्म 1951 में मिस्र के एक ऐसे मध्यवर्गीय परिवार में हुआ जिसमें कई लोग डॉक्टर और दूसरे क्षेत्रों के विद्वान थे। जवाहिरी के दादा रबी अल जवाहिरी अरब जगत में इस्लामिक अध्ययन केंद्र, काहिरा के अल अजहर विश्वविद्यालय के प्रमुख इमाम थे।
अयमन अल जवाहिरी पहली बार 15 साल की उम्र में गिरफ्तार हुए। उन्हें अरब जगत के सबसे पुराने कट्टरपंथी संगठन, मुस्लिम ब्रदरहुड के साथ जुड़ने के कारण पकड़ा गया था।
वर्ष 1974 में काहिरा के मेडिकल कॉलेज से उन्होंने स्नातक की उपाधि और चार साल बाद यहीं से सर्जरी में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की। उनके पिता इसी कॉलेज में फार्माकोलॉजी के प्रोफेसर थे जिनकी 1995 में मृत्यु हो गई।
राजनीति : वर्ष 1981 में काहिरा में एक परेड के दौरान राष्ट्रपति अनवर सादात की हत्या के मामले में कुछ अन्य कट्टरपंथी इस्लामी चरमपंथियों के साथ-साथ डॉक्टर जवाहिरी पर भी मुकदमा चलाया गया था। उन्हें हथियार रखने का दोषी पाया गया और उन्हें तीन साल की सजा हुई।
यहां से वे पाकिस्तान के शहर पेशावर और फिर अफगानिस्तान के लिए निकल पड़े जहां उन्होंने इस्लामी जिहाद की शुरुआत की।
वे 1970 और 1980 के दशक में सोवियत कब्जे के वक्त अफगानिस्तान में ही थे। 1999 में मिस्र की एक अदालत ने उनकी अनुपस्थिति में ही उन्हें मौत की सजा सुनाई। कहा जाता है कि चरमपंथियों का साथ देने के आरोप में उन्हें रूस में भी छह महीने हिरासत में रखा गया।
अमेरिका पर हमले : समझा जाता है कि अल जवाहिरी ने 1990 की दशक के शुरू में डेनमार्क और स्विट्जरलैंड में समय बिताया जहां वे नकली पासपोर्ट पर गए।
एक वीडियो कैसेट में वे लादेन के साथ बैठे दिखते हैं जिसमें वे अमेरिका को चेतावनी देते हैं। जवाहरी ये चेतावनी मिस्र के निवासी शेख उमर अब्दुल रहमान को छोड़ने के लिए देते हैं जिन्हें 1993 के विश्व व्यापार केंद्र बमकांड के सिलसिले में पकड़ लिया गया था।
1998 में फिर उनका नाम लादेन के उन पांच सहयोगियों के रूप में सामने आया जिन्होंने अमेरिकी नागरिकों की हत्या के लिए 'फतवा' जारी किया था।
उनका नाम उन कुछ ऐसे लोगों में लिया जाता है जिनकी सैटेलाइट फोन पर हुई बातचीत से पता चला कि 1998 में कुछ अमेरिकी दूतावासों पर हमले के पीछे ओसामा बिन लादेन का हाथ था।
एक और दो मई की दरम्यानी रात को अमेरिकी सेना ने कार्रवाई करके पाकिस्तान के एबटाबाद में अल कायदा के प्रमुख ओसामा बिन लादेन को मार दिया था। इसके बाद अब अल जवाहिरी को अल कायदा का अगला प्रमुख चुना गया है।

