ई-मेल पर सीटू को ठगा
|
हाल ही में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के ताकतवर कर्मचारी संगठन सेंटर फॉर इंडियन ट्रेड यूनियन यानी सीटू इस तरह की धोखाधड़ी की शिकार हुआ है। इसके पहले एक संसद के भाई भी अपने लाखों रुपए गँवा बैठे हैं।
दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में सीटू को लंदन से एक ई-मेल आया। इसमें सीटू को लंदन में ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में आमंत्रित किया गया। यह आमंत्रण अंतरराष्ट्रीय विकास संस्थान (आईडीओ) की तरफ से था।
यह सम्मेलन 22 से 25 फरवरी के बीच लंदन में आयोजित होना बताया गया था। सीटू से कहा गया कि आयोजक आने जाने का खर्चा देंगे और सीटू को होटल का खर्चा उठाना होगा।
बताए अनुसार सीटू ने 17 जनवरी को चौबीस हज़ार रुपए का भुगतान कर दिया। चार दिन बाद फिर आयोजकों ने पैसे मांगे तो सीटू को शक हुआ।
सीटू के अध्यक्ष एमके पंधे ने बताया की दोबारा पैसा माँगने पर उन्होंने लंदन मैं अपने ट्रेड यूनियन के साथियों को बताए पते पर भेजा तो पता लगा की ई-मेल मैं दी गई सारी जानकारी गलत है।
उनका कहना था कि न बताए पते पर होटल था, न दिए गए फोन नंबर काम कर रहे थे, कुल मिलाकर सब झूठ था। सीटू की तरफ से लंदन पुलिस के पास भी एक शिकायत दर्ज कराई गई है।
जाँच का अनुरोध : पंधे ने विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी को भी पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि अपराधियों को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग लिया जाए ताकि और लोग बच सकें। ठगे जाने वाले रसूखदार लोगों में पंधे या उनका संगठन पहला मामला नहीं है।
दिसंबर माह में ही जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष और राष्ट्रीय लोक दल से राज्यसभा सदस्य महमूद मदनी के छोटे भाई मौऊद मदनी को ई-मेल आया कि उन्हें साढ़े दस करोड़ की लॉटरी लगी है। ई-मेल भेजने वालों ने उनसे भी पैसे माँगे। मदनी ने पैसे दे भी दिए पर बाद और जब ज्यादा पैसे माँगे गए तो उन्हें शक हुआ, तब उन्होंने पुलिस की मदद ली।
मदनी का कहना है कि उन्होंने पुलिस के बताए अनुसार अपराधियों को उलझाए रखा और पुलिस तीन अपराधियों को पकड़ने में कामयाब हो गई। हालाँकि पूछे जाने पर मदनी कहते हैं कि उन्हें अधिक नुकसान नहीं हुआ।
पर दिल्ली के इन्द्रप्रस्थ इस्टेट पुलिस थाने के अधिकारी नरेश खनका के अनुसार मदनी ने 14 लाख रुपए दिए थे, जो वापस नहीं मिले।

