'अपने गिरेबां में झांको'
BBC |
हाल ही में शाहरुख खान की फिल्म 'रॉ वन' के निर्देशक अनुभव सिन्हा ने कथित तौर पर इस गाने की आलोचना की थी और इसे अभद्र बताया था। अनुभव ने ये भी कहा था कि उन्हें आमिर खान जैसी जिम्मेदार शख्सियत से ये उम्मीद नहीं थी।
इस पर 'डेल्ही बैली' के संगीतकार राम संपत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, 'अनुभव दोगुले इंसान हैं। उनकी फ्लॉप फिल्म 'कैश' के गानों में भी कई ऐसे शब्द थे जिन पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती थी। फिल्म में काफी अंग प्रदर्शन भी था। उन्हें पहले अपने आपको देखना चाहिए फिर किसी पर कुछ कहना चाहिए।'
जब शाहरुख खान से 'रॉ वन' के निर्देशक अनुभव सिन्हा की 'भाग डीके बोस भाग' पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो वो बोले, 'मैंने तो उस गाने के बारे में कुछ नहीं कहा। तो बेहतर होगा कि प्रतिक्रिया अनुभव से ही मांगी जाए। वो मेरी फिल्म के निर्देशक हैं तो इसका ये मतलब थोड़े ना है कि उनकी हर बात के लिए मैं जवाबदेह हूं।'
'भाग डीके बोस भाग'
दरअसल कहा ये जा रहा है कि 'डेल्ही बैली' के गाने 'भाग डीके बोस भाग' को अगर ध्यान से सुना जाए तो इसकी पहली लाइन से एक गाली की सी ध्वनि निकलती है। इसी बात को लेकर कुछ लोग इस गाने की आलोचना कर रहे हैं।
गाने को अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है। अनुभव सिन्हा ने कहा कि इस गाने को वो अपने बच्चे के सामने नहीं सुन सकते। 'डेल्ही बैली' के निर्माता आमिर खान हैं और इसमें उनके भांजे इमरान खान की मुख्य भूमिका है। फिल्म एक जुलाई को रिलीज हो रही है।

