100 सुअरों का जुर्माना
BBC
उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने खराब व्यवहार से गांव 'लियाउवा' का नाम बदनाम किया है। वाया से 'तुआला' यानी गांव के मुखिया का पद भी छीन लिया गया है।
'नदारद मैनेजर' : समोआ की रग्बी टीम को मनू समोआ के नाम से भी जाना जाता है। तुआला मैथ्यू वाया हाल ही में न्यूजीलैंड में संपन्न हुए रगबी वर्ल्ड कप में समोआ टीम के मैनेजर थे। लेकिन टीम के खिलाड़ियों के मुताबिक वाया ने अपनी जिम्मेदारी ठीक ढंग से नहीं निभाई।
मनू समोआ के कप्तान मैहोन्री श्वालगर ने समोआ के प्रधान मंत्री तुईलेपा आयोनो सैलेले मैलिलेगाओई को पत्र लिखकर यह शिकायत की जिसके बाद उनके गांव के बड़े बूढ़ों ने यह फैसला सुनाया।
अपनी शिकायत में श्वालगर ने कहा कि वाया विश्वकप को छुट्टी की तरह मना रहे थे और कई दफे वह टीम से भी नदारद रहते थे। वह अपना ज्यादातर समय शराब पीने में बिताते थे।
गंभीर आरोप : वाया पर आरोप है कि उनकी हरकतों से उनके गांव को शर्मिंदगी हुई है।
टीवी न्यूजीलैंड की पैसिफिक संवाददाता बार्बरा ड्रीवर ने इस मामले की गंभीरता के बारे में कहा, 'आपको गांव के नियम मानने होंगे, चाहे आप कोई भी क्यों न हों। उन पर गांव का नाम बदनाम करने का आरोप है जो काफी संगीन मामला है।'
इन सुअरों को गांव को दान में दिया जाएगा। वाया ने इन सुअरों की कीमत अदा करने की बात मानी है, जो कि करीब 800 डॉलर है। ड्रीवर आगे कहती हैं कि इस मामले को सिर्फ जुर्माने से नहीं समझा जा सकता।
वह कहती हैं, 'इस बात से यह भी पता चलता है कि गांव वाले मनू समोआ टीम का समर्थन करते हैं। यह मनू समोआ टीम के लिए भी एक बड़ी बात है क्योंकि यह साफ संदेश देता है।'
वाया जब समोआ वापस आए थे तो उन्हें टीम के मैनेजर के पद से भी हाथ धोना पड़ा था।

