डोर रिश्तों की : आई एम सॉरी, मेरी गलती है
माफी मांगे, माफ करें
कहते हैं कि किसी को माफ कर देना सजा देने से ज्यादा बड़ी बात होती है। सजा जहां रिश्ते में दरार लाती है तो माफी से बिगड़े रिश्ते भी बन जाते हैं। रिश्तों को और भी मजबूत बनाने के लिए किसी अपने का माफ कर के देखिए। लोगों के दिलों से बैर भाव हटाने के लिए ही इन दिनो सॉरी और फॉरगिव समवन टुडे जैसे डे मनाए जा रहे हैं।
FILE |
हर किसी के बस की बात नहीं
किसी ने आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई या आपका कोई बहुत बड़ा नुकसान किया तो सच में उसे माफ कर देना बहुत बड़ी बात होती है। किसी को माफ कर देना हर किसी के बस की बात नहीं होती। सच में बहुत बड़ा दिल होना चाहिए। इस दुनिया में यदि कोई सच में किसी को माफ कर सकता है तो वो है माता-पिता। कोई भी पेरेन्ट्स अपने बच्चों की बड़ी से बड़ी गलती को बहुत आसानी से माफ कर देते हैं। माफी मांगने के लिए भी कलेजा चाहिए और माफ कर देने के लिए भी। आप भी बनिए बड़े दिल वाले।
दोस्ती के लिए जरूरी
अक्सर होता है कि छोटी-छोटी बातों पर कई दोस्तों में बातचीत बंद हो जाया करती है। इन सबसे क्या मिलता है हमारे दोस्त ही हमसे दूर हो जाते हैं। इसके विपरीत यदि हम उन्हें माफ कर देते हैं या अपनी और से एक नन्हा सा लफ्ज सॉरी कह देते हैं तो हमारी दोस्ती बच जाती है। इसीलिए दोस्तों के लिए तो फॉरगिवनेस और सॉरी दोनों ही बहुत जरूरी है।
दूसरों को मिलती है खुशी
जिस प्रकार किसी के मन बात पूरी कर देने से उसे खुशी मिलती है उसी प्रकार यदि किसी से कोई गलति हुई और दिल से उसे पछतावा है तो उसे माफ कर देने से भी हम उसे उतनी की खुशी दे सकते हैं। यहां तक कि माफी मांग लेने से भी दिल को बेहद राहत मिलती है। माफी मांगने वाला और माफ कर देने वाला कभी छोटा नहीं होता।

