लंदन में 'जहाने खुसरो' का आयोजन
ND
सूफी कवि अमीर खुसरो की याद में 'जहाने खुसरो' कार्यक्रम मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम पहली बार भारत के बाहर लंदन में 15 से 17 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और कवि मुजफ्फर अली की संकल्पना के आधार पर वर्ष 2011 से हुई थी। इस वर्ष राजधानी दिल्ली में यह कार्यक्रम 11 से 13 मार्च तक हुमायूँ के मकबरे में स्थित 'अरब की सराय' में आयोजित किया जाएगा।
14वीं शताब्दी के प्रसिद्ध कवि अमीर खुसरो को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूरे विश्व से प्रसिद्ध गायक और संगीतकार इसमें शामिल होते हैं। मुजफ्फर अली ने कहा कि मैं सूफी संतों के लिए कुछ करना चाहता हूँ। साथ ही सूफी संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों की कला को पूरे देश और दुनिया में फैलाना चाहता हूँ। हमारा यह कार्यक्रम प्रसिद्ध सूफी कवि खुसरो के लिए हमारी श्रद्धांजलि है।
लंदन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केवल भारतीय कलाकार ही प्रस्तुति देंगे। रूमी फाउंडेशन इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सहयोग से कर रही है।

