1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. hanuman ansh global international release neem karoli baba story hombale films overseas september 11

कम स्क्रीन्स से शुरू हुआ सफर, 61 करोड़ पार पहुंची कमाई, अब ग्लोबल रिलीज होगी 'हनुमान अंश'

Hanuman Ansh movie
भारतीय सिनेमाघरों में दर्शकों के दिलों को छूने और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद, भक्ति और आस्था से सराबोर हिंदी ड्रामा फिल्म 'हनुमान अंश' अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मिली जबरदस्त सफलता के बाद निर्माताओं ने इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने का फैसला किया है।
 
साउथ सिनेमा की दिग्गज प्रोडक्शन कंपनी होम्बले फिल्म्स ने घोषणा की है कि वे अपने अंतरराष्ट्रीय वितरण विंग, 'होम्बले ओवरसीज' के जरिए 'हनुमान अंश' को विदेशी बाजारों में पहुंचाएंगे। यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
 
होम्बले फिल्म्स ने जताई खुशी
अंतरराष्ट्रीय रिलीज का ऐलान करते हुए होम्बले फिल्म्स ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लिखा, आस्था में रची-बसी एक कहानी। सरहदों के पार एक आध्यात्मिक यात्रा। हम हनुमान अंश को अपने ओवरसीज विंग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक ले जाने के लिए बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। महाराज-जी का आध्यात्मिक संदेश अब पूरी दुनिया में पहुंचेगा। 
 
विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'हनुमान अंश' प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत नीम करौली बाबा के जीवन, चमत्कारिक व्यक्तित्व और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। नीम करौली बाबा को उनके अनुयायी भगवान हनुमान का अवतार मानते हैं। उनकी शिक्षाएं मुख्य रूप से प्रेम, भक्ति, निस्वार्थ सेवा और समर्पण पर केंद्रित रही हैं।
फिल्म न केवल उनके आध्यात्मिक दर्शन को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे 1960 और 1970 के दशक में उनके विचारों ने पश्चिमी देशों के आध्यात्मिक साधकों को भारत की ओर आकर्षित किया था।
 
भारत के बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
'हनुमान अंश' की सबसे खास बात इसकी बॉक्स ऑफिस यात्रा रही है। बिना किसी बड़े तामझाम के रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआत में बेहद कम स्क्रीन्स मिली थीं। फिल्म ने अपने पहले दिन महज 10 लाख रुपये के करीब का कलेक्शन किया था। लेकिन बेहतरीन कहानी और दर्शकों के मजबूत 'वर्ड-ऑफ-माउथ' के बल पर फिल्म की कमाई में लगातार उछाल देखने को मिला।
 
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 27वें दिन तक फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 61.88 करोड़ रुपये का कुल नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 72.97 करोड़ रुपये हो गया है। यह आंकड़े साबित करते हैं कि आस्था और मजबूत विषय-वस्तु से जुड़ी फिल्में आज भी दर्शकों को खींचने का माद्दा रखती हैं।
 
स्टीव जॉब्स से लेकर मार्क जुकरबर्ग तक: दुनिया भर में फैले हैं नीम करौली बाबा के भक्त
नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक विरासत केवल भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया की कई दिग्गज हस्तियां उनके प्रति अपनी अगाध श्रद्धा जता चुकी हैं। Apple के संस्थापक स्टीव जॉब्स 1974 में आध्यात्मिक मार्गदर्शन की तलाश में भारत आए थे और उन्होंने कैंची धाम आश्रम का दौरा किया था।
 
जब फेसबुक अपने शुरुआती दौर में कठिन समय से गुजर रहा था, तब स्टीव जॉब्स की सलाह पर मार्क जुकरबर्ग भी कैंची धाम पहुंचे थे। हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि नीम करौली बाबा की तस्वीर और उनकी शिक्षाओं ने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी अक्सर उत्तराखंड स्थित नीम करौली बाबा के प्रसिद्ध 'कैंची धाम' आश्रम में दर्शन के लिए जाते रहते हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
मशहूर गुजराती संगीतकार गौरंग व्यास का निधन, 100 से ज्यादा फिल्मों में दिया था संगीत, पीएम मोदी ने जताया दुख