तेरे स्पर्श में है जीवन
स्पर्श बनाता है प्यार को प्रगाढ़
|
भटक रहा था मैं जीवन भँवर में
आज मुझे किनारा मिल गया।
स्पर्श एक ऐसा अहसास है, जिसे शब्दों में बयां करना असंभव है। यह मूक है, परंतु बोलने, सुनने और सूँघने की क्रियाओं से कहीं अधिक प्रभावपूर्ण है। यह हमें किसी के करीब होने का अहसास कराता है। कई बार हम अपने साथी से जो बात कह नहीं पाते है वो हमारे स्पर्श मात्र से ही अभिव्यक्त हो जाती है।
इस दुनिया में संबंध तो बड़े ही आसानी से बन जाते हैं परंतु कभी-कभी उनका अहसास कराना भी जरूरी होता है। हर व्यक्ति अपेक्षा करता है प्यार की। उसकी ख्वाहिश होती है कि उसका साथी बगैर कुछ कहे ही उसकी हर बात समझ जाए। हर उसकी हर तकलीफ में उसका साथ निभाए। ऐसे में स्पर्श सभी तकलीफों का समधान बन जाता है।
| |
केवल दोस्ती या प्यार में ही नहीं बल्कि स्पर्श हर रिश्ते को जीवंत बनाता है। स्पर्श भावनाओं के आदान-प्रदान का एक बेहतर माध्यम है। यह ऊर्जा का संचार है, जो साथी के दिल में आपके प्रति प्यार व विश्वास पैदा करता है और वो इसी विश्वास के सहारे आपको बगैर कुछ शिकायत के अपना तन-मन समर्पित कर देता है। स्पर्श दांपत्य संबंधों को भी मधुर बनाता है।
एक अजनबी से जाना-पहचाना होने का अहसास दिलाने वाला स्पर्श ही है। यही वो गोंद है, जो रिश्तों को टिकाऊ, मजबूत व प्रगाढ़ बनाता है। इस भाव को जीवित रखकर आप भी अपने रिश्तों को चिरायु बना सकते हैं।

