चाँद बिना कहां गुलजार
जीवन के रंगमंच से
ND |
जहां तक बिंबों-प्रतीकों का प्रश्न है, 'चाँद' के बगैर वहां काम नहीं चलता। गुलजार ने एक दफे बातचीत में कहा था-'आशाजी (भोंसले) स्नेह में आकर ताना देती हैं-'तुम्हारा कोई गीत चाँद के बगैर पूरा ही नहीं होता।'
यह कई अर्थों में सच है। लाज और लिहाज, ताना और आत्मीयता... लगभग हर एक प्रसंग के लिए चाँद को गुलजार ने याद किया है। चाँद यहां इच्छाओं का बिम्ब बन गया है।
लेकिन, यह चाँद हर जगह एक नए रूप में मौजूद है। चाँद से यह करीबी, गुलजार की, इतनी गहरी कि कभी वे चाँद चुराकर चर्च के पीछे बैठने की बात करते हैं, तो कभी कहते हैं-'शाम के गुलाबी-से आँचल में दीया जला है चाँद का/मेरे बिन उसका कहां चाँद नाम होता...गुलमोहर गर तुम्हारा नाम होता !' (देवता)।
एकदम शुरू का गीत, 'बंदिनी' का 'मोहे श्याम रंग दई दे' में नायिका की जिस दुविधा का सजीव चित्रण किया गया है, उसमें चाँद बार-बार बदली हटाकर झांक रहा था, मुस्कुरा रहा था कि कैसे जाओगी? मैं रोशनी कर दूंगा। नायिका सोचती रही कि काश, इतनी चाँदनी न होती या मैं इतनी गोरी न होती कि चाँदनी में छलक-छलक जाती। सांवली होती तो कैसे पात में ढंकी-छुपी अपने पिया के पास चली जाती..."मोरा गोरा रंग लई ले/मोहे श्याम रंग दई दे।"
और गुलजार साहब की ये त्रिवेणी देखिए कितनी शिद्दत से बात कही गयी है.. एक भूखे इंसान की बात जिसे चाँद में भी रोटी नजर आती है.. एक त्रिवेणी में इतनी बड़ी बात गुलजार साहब ही कह सकते हैं-
ND |
मां ने एक चांद सी दुल्हन की दुआ दी थी मुझे।
आज की रात फुटपाथ से देखा मैंने।
रात भर रोटी नजर आया है वो चांद मुझे।
सारा दिन बैठा,मैं हाथ में लेकर खाली कासा।
रात जो गुजरी,चाँद की कौड़ी डाल गई उसमें।
सूदखोर सूरज कल मुझसे ये भी ले जाएगा।

