कुछ खास होते हैं रमजान के दिन
माह-ए-रमजान
ND
रोजा रखने सेहरी का होना जरूरी करार दिया गया है। अल सुबह लोगों को जागना पड़ रहा है। खासकर महिलाएं सेहरी की तैयारी के लिए पुरुषों से पहले ही जाग रही हैं। सेहरी के पहले बचे वक्त में लोग तहज्जुद (सुबह से पहले पढ़ी जाने वाली विशेष नमाज) भी अदा कर रहे हैं। यह नमाज घरों में ही अदा की जाती है।
अब देर रात तक जागना कुछ भारी लग रहा है, वजह सुबह सेहरी के लिए जल्दी उठने की पाबंदियां लगी हुई हैं। खाने-पीने से लेकर नमाज पढ़ने तक के मुकर्रर (निर्धारित) वक्त ने जिंदगी को पूरी तरह शेड्यूल्ड कर दिया है।
ND
रमजान में शहर के बाजारों में सूनापन दिखाई दे रहा है। चाय पान, नाश्ते और खाने की होटलों में लोगों की आवाजाही कम है। शहर की मुस्लिम आबादियों में स्थित खान पान और नाश्ते की दुकानों में पर्दे डाल दिए गए हैं, ताकि रोजादारों का अहतराम किया जा सके। इन बाजारों में रौनक का समय बदलकर देर शाम से देर रात तक बल्कि अल सुबह तक हो गया है।
शाम को अफतार का वक्त होने से पहले बाजारों और घरों में चहल-पहल बढ़ जाती है। जहां बाजार कई तरह के फल, मेवों, व्यंजनों और पकवानों की खरीद-फरोख्त से भर जाते हैं, वहीं घरों में तरह-तरह के खानों की तैयारियां मुस्लिम क्षेत्रों को सुहानी खुशबूओं से भर देते हैं।
इस दौरान घर के सभी लोगों का एकसाथ घर पर मौजूद रहना और एक दस्तरख्वान पर बैठकर रोजा अफ्तार और खाना खाना भी रमजान के दिनों को खास बनाता है। वजह यह है कि आम दिनों में अब लोगों को एक साथ बैठकर खाने का वक्त भी नहीं मिल पाता है।

