1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार

क्यों मुझे तुम खींच लाए?

साहित्य
- माखनलाल चतुर्वेदी

WDWD
एक गो-पद था, भला था,
कब किसी के काम का था?
क्षुद्ध तरलाई गरीबिन
अरे कहाँ उलीच लाए?

एक पौधा था, पहाड़ी
पत्थरों में खेलता था,
जिए कैसे, जब उखाड़ा
गो अमृत से सींच लाए!

एक पत्थर बेगढ़-सा
पड़ा था जग-ओट लेकर,
उसे और नगण्य दिखलाने,
नगर-रव बीच लाए?

एक वन्ध्या गाय थी
हो मस्त बन में घूमती थी,
उसे प्रिय! किस स्वाद से
सिंगार वध-गृह बीच लाए?

एक बनमानुष, बनों में,
कन्दरों में, जी रहा था;
उसे बलि करने कहाँ तुम,

ऐ उदार दधीच लाए?
जहाँ कोमलतर, मधुरतम
वस्तुएँ जी से सजाईं,
इस अमर सौन्दर्य में, क्यों
कर उठा यह कीच लाए?

चढ़ चुकी है, दूसरे ही
देवता पर, युगों पहले,
वही बलि निज-देव पर देने
दृगों को मींच लाए?

क्यों मुझे तुम खींच लाए?