इसी को तो वसंत कहते हैं
डॉ. पुष्पा रानी गर्ग
ND
हो रहा है मौसम,
खिलखिलाने लगी है
धूप माघ की,
चटखने लगी है नई कलियाँ,
पौधों की शाख पर,
किलकने लगे हैं
नन्हे-नन्हे
कोंपल शिशु
शुष्क टहनियों के अंक में,
पीली तितली
पुलक भरी
पंखों में लिए
हवा के महक भरे झोंके
इठलाती फिर रही
इधर से उधर, यहाँ-वहाँ,
नेपथ्य में सुनाई दे रही है
कूक कोयल की
उल्लास भरी,
दिशाओं में गूँज उठे हैं
स्वर नव जागृति के
रे मन!
तू भी उठ! जाग!
तोड़ दे अपनी तंद्रा
खोल दे खिड़की अंतर की
और
शामिल हो जा
प्रकृति के
इस रंगारंग उत्सव में,
इसी को तो वसंत कहते हैं।

