1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

‘जान की परवाह न कर मदद करो’

मुम्बई अपराध
BBC
अपनी महिला दोस्तों के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने का खमियाजा वैलेरियन सांटोस के बेटे और उसके दोस्त ने जान देकर चुकाया। लेकिन इससे डरने की बजाय वैलेरियन चाहते हैं कि उनके छोटे बेटे भी बड़े भाई की ही तरह जान की परवाह न कर मुश्किल में पड़े लोगों की मदद करें।

20 अक्टूबर की रात को मुंबई के अंबोली इलाके में कीनन सांटोस और रूबेन फर्नांडिज ने जब अपनी महिला मित्रों के साथ कुछ लोगों की बदतमीजी का विरोध करने की हिम्मत दिखाई, तो उन पर हमला किया गया। इसी मारपीट में बुरी तरह से जख्मी 25 वर्षीय कीनन की 11 दिन पहले मृत्यु हो गई थी जबकि सोमवार को रूबेन की अस्पताल में मृत्यु हुई।

बीबीसी से बात करते हुए कीनन के पिता वैलेरियन सांटोस ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की जान बिना किसी वजह जाने का दुख है। लेकिन इस बात से वो अपने बाकी दोनों बेटों के लिए डरे नहीं हैं।

वैलेरियन का कहना था, 'मुझे बहुत दुख है क्योंकि बिना किसी वजह के मेरे बेटे की जान गई। वो सिर्फ 24 साल का था। उससे छोटे मेरे 18 साल के जुड़वां बेटे हैं। मैंने उनको कहा है कि अगर कहीं भी भ्रष्टाचार देखो या किसी महिला या किसी भी व्यक्ति को मुश्किल में देखो, तो अपनी जान की परवाह न करते हुए उनकी मदद करो।'

कीनन और रूबेन के दोस्तों का कहना है कि तमाम भीड़ के बावजूद कोई उनकी मदद के लिए सामने नही आया।

इसकी वजह पूछने पर वैलेरियन का जवाब था, 'ऐसे वक्त पर ज्यादातर लोग डर जाते हैं। वो सोचते हैं कि ये मेरा मामला नहीं है तो क्यों इस पचड़े में पड़े। फिर पुलिस और कोर्ट का भी लफड़ा होता है इसलिए कोई आगे नहीं आया होगा।'

पुलिस ने घटना में शामिल चार कथित आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है और गुरुवार को इनकी मुंबई की एक अदालत में पेशी हुई।