1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

संसद पर भारी बाबा रामदेव

- शकील अखतर (दिल्ली)

बाबा रामदेव
BBC
चार दिन पहले योग गुरु बाबा रामदेव जब दिल्ली पहुंचे, तो केंद्र सरकार ने सबसे वरिष्ठ मंत्री प्रणब मुखर्जी सहित चार मंत्रियों को उनका स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर भेजा।

और जब बाबा रामदेव ने अपने हजारों समर्थकों के साथ दिल्ली में काले धन और काला धन जमा करने वालों के खिलाफ अनशन शुरू किया तो सरकार ने उन्हें और उनके समर्थकों को आधी रात को जबरन वहां से हटा दिया और बाबा को एक विमान में बिठाकर दिल्ली से बाहर भेज दिया।

उन्हें 15 दिनों तक शहर में प्रवेश होने की भी अनुमति नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने बाबा को ‘ठग’ और ‘धोखेबाज’ करार दिया है और उनके आंदोलन को जबरन खत्म करवाने का बचाव किया है।

दूसरी ओर विपक्ष ने सरकार के उस कदम को लोकतंत्र की हत्या कहा और बाबा का जमकर समर्थन किया। यह स्थिति भारत की संसदीय राजनीतिक प्रणाली में फैली हुई गड़बड़ी और राजनीतिक दलों के काम करने की प्रक्रिया के बारे में जनता की निराशा दर्शाती है। जनता देश में फैले भ्रष्टाचार, सरकारी अधिकारियों की अयोग्यता और विकास के कामों में सरकर की सुस्ती पर नाराज है।

जनता काफी समय से अपेक्षा कर रही थी कि ईमानदार समझे जाने वाले मनमोहन सिंह की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई उचित कदम उठाएगी। लेकिन वह कोई कदम उठाने के बजाए मंत्रियों और सरकारी विभागों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का बचाव करने में व्यस्त रही।

'बढ़ता जन आंदोलन'
दूसरी ओर विपक्षी दल भी नकारात्मक राजनीति में फंसे हुए हैं। उसी परिप्रेक्ष्य में महाराष्ट्र के गांधीवादी नेता अन्ना हजारे और उत्तर भारत के अरबपति साधू बाबा रामदेव ने जब भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ आवाज उठाई, तो वह कुछ दिनों में एक ज़बरदस्त जन आंदोलन में बदल गई।

विपक्ष को जो काम करने चाहिए थे, अब वह एक साधू और एक साधारण व्यक्ति कर रहा है। यह दोनों नेता मूल रूप से चुनी हुए लोकतांत्रिक तंत्र के विरुद्ध हैं। उन्हें जो समर्थन मिल रहा है, वह भी इस बात को दर्शाता है कि राजनीतिक दल जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। लोगों का देश के राजनीतिक दलों पर विश्वास उठता जा रहा है।

सरकार ने जन आंदोलन के दबाव के बावजूद कुछ दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ जो कदम उठाए हैं उससे जनता को और विश्वास हो गया है कि सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने में गंभीर नहीं है।

पूरा देश इस आंदोलन को गंभीरता से देख रहा है और इस में विपक्ष की कोई भूमिका नहीं है। राजनीतिक दल केवल पृष्ठभूमि में ही नहीं चल रहे हैं बल्कि उन्हें एक ‘विलेन’ के तौर पर देखा जा रहा है।

कानून किस तहर का बनेगा वह आज का एक साधू और पांच ऐसे लोग तय कर रहे हैं जो जनता के चुने हुए प्रतिनिधि भी नहीं हैं। जो काम संसद में होना था वह अब संसद से बाहर हो रहा है।

'विपक्ष शर्मिंदा'
सरकार पूरी तरह से भीड़ में फंसी हुई है। विपक्षी दल शर्मिंदगी के साथ उस भीड़ का समर्थन कर रहे हैं और साथ ही उन्हें यह भी तकलीफ है कि यह काम उन्हें करना चाहिए था, अब वह काम एक साधू और ऐसे लोग कर रहे हैं जो जनता के चुने हुए प्रतिनिधि भी नहीं हैं।

सरकार को अपने काम पर धचका महसूस हुआ है। उसने जिस तरह देश के लोकप्रिय साधू बाबा रामदेव को आधी रात को पकड़ कर शहर से निकाल दिया है वह अब और उस भीड़ में फंसना नहीं चाहती। सरकार के इस कदम की कड़ी निंदा की जा रही है।

लेकिन कई जानकार मानते हैं कि निर्वाचित संसदीय प्रणाली की बेहतरी के लिए राजनीति को साधुओं और गैर-सरकारी संस्थाओं के चुंगल से मुक्त रखना होगा।

इसमें महत्वपूर्ण यह है कि अगर सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ तुरंत कदम नहीं उठाए तो वह न केवल भारत के इतिहास में सबसे भ्रष्ट सरकार के तौर पर जानी जाएगी बल्कि भविष्य के चुनाव उसके लिए राजनीतिक ताबूत साबित होंगे।