1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. बिजली चोरी के खिलाफ फतवा

बिजली चोरी के खिलाफ फतवा

पाकिस्तान
पाकिस्तान में 12 वरिष्ठ मुस्लिम विद्वानों ने बिजली की चोरी को अपराध बताते हुए इसके खिलाफ फतवा जारी किया है। कराची इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केईएससी) ने बिजली की चोरी की घटनाओं से तंग आकर उलेमा का सहारा लिया।

BBC
कंपनी के एक आकलन के मुताबिक बिजली चोरी से उसे एक अरब रुपए का घाटा हो रहा था। कंपनी का कहना था कि लोगों को ये समझना चाहिए कि किसी भी चीज की चोरी की तरह बिजली चुराना भी गैर कानूनी और अनैतिक है।

कराची में कई लोग घर के पास से गुजर रहे बिजली की लाइन से अवैध तरीके से अपने घरों में बिजली आपूर्ति करते हैं या फिर अपने मीटर से छेड़छाड़ करते हैं। इससे बिजली देने वाली कंपनी को राजस्व का घाटा होता है।

अब 12 वरिष्ठ मुस्लिम विद्वानों ने एक साथ इस्लामी कानून शरिया का हवाला का देते हुए कहा है कि किसी भी चीज का बगैर अनुमति इस्तेमाल करना या उससे फायदा उठाना चोरी है, जो पाप की श्रेणी में आता है। उनका कहना है कि चोरों के खिलाफ कानूनी कदम उठाना इस्लाम के मुताबिक जायज है।

यही नहीं इन विद्वानों ने लोगों से कहा है कि उन्होंने जितनी बिजली चुराई है, उसकी भरपाई के लिए वे उचित रकम अदा करें। कंपनी के पास बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ़ जुर्माना लगाने का अधिकार पहले से ही है।

पाकिस्तान का अधिकतर हिस्सा बिजली की कमी से जूझ रहा है। इसका मुख्य कारण माँग में वृद्धि, बुनियादी संरचना में निवेश की कमी और बिजली की चोरी है।

कराची की आबादी लगभग डेढ़ करोड़ है और इसे पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कहा जाता है। पिछले शनिवार को शहर में बिजली आपूर्ति ठप होने के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए थे।