जहाँ 'डायनों' का कैंप है...
- टी विटेकर (उत्तरी घाना के कुकुओ गांव से)
BBC
घाना के गरीब उत्तरी इलाकों में एक पुरानी मोटर साइकिल तेज रफ्तार से भागी जा रही है। फूस की झुग्गियों के एक झुंड के पास पहुंचकर मोटर साइकिल सवार अपनी बूढ़ी मां को उतारता है। उसकी मां अब एक नई जिंदगी शुरू करने जा रही है।
दुबली-पतली 82 वर्षीय समता अब्दुलाई घाना के कुकुओगांव में स्थित डायनों के छह में से एक कैंप में पहुंच चुकी हैं। पिटाई, प्रताड़ना और मौत के डर से डायन होने की तोहमत झेलने वाली महिलाएं यहां रहती हैं।
फूस का आशियाना : बताया जाता है कि ऐसे कैंप करीब सौ साल पहले गांव के प्रमुखों ने शुरू किए थे ताकि ऐसी महिलाओं को सुरक्षित रिहाइश मिल सके।
ये कैंप टिंडाना द्वारा चलाए जाते हैं। यहां माना जाता है कि टिंडाना ऐसे लोग होते हैं जो डायन होने की तोहमत झेल रही महिलाओं को पवित्र कर सकते हैं। इन कैंपों का मकसद है महिलाओं को लोगों और जादू-टोने से दूर रखना है।
वर्तमान में भी इन कैंपो को स्थानीय ग्राम प्रमुख ही चलाते हैं। इस कैंप में स्थित झोंपड़ियों में ना तो बिजली है और ना ही पानी। छतों से पानी रिसता रहता है। एक हज़ार महिलाओं के लिए यही ठिकाना है।
कुकुओकैंप के निवासी हर दिन तीन मील तक पैदल चलकर ऑटी नदी के तट पर जाते हैं। वहां से पानी का घड़ा भर कर वे बमुश्किल वापस कैंप में पहुंचते हैं। लेकिन वे ऐसा जीवन जीन के लिए तैयार हैं क्योंकि यहां वो कम से कम सुरक्षित तो हैं।
ये महिलाएं अपनी गुजर-बसर लकड़कियां और मूंगफलियां बेचकर या पास के खेतों में काम करके करती हैं।
समता अब्दुलाई काकुओं कैंप से 40 किलोमीटर दूर बुल्ली गांव में रहती थीं। वहां वे अपने दो नातियों के साथ वक्त बिताती थीं। उनकी बेटी खेतों में काम करती थी। ये एक खुशहाल जीवन था। वे सेकेंड-हैंड कपड़े भी बेचती थीं।
BBC
समता अब्दुलाई कहती हैं, 'मैं बुरी तरह से डर गई थी क्योंकि मुझे मालूम था कि मैं कसूरवार नहीं हूं। लेकिन मैं ये भी जानती थी कि एक बार लोगों ने आपको डायन करार दे दिया तो आपकी जिंदगी खतरे में आ जाती है। सो बिना इंतजार किए मैंने अपना सारा सामान समेटा और गांव से भाग निकली।'
उत्तरी घाना में स्थित ये कैंप कई मायनों में अलग है। लेकिन घाना कई अन्य अफ्रीकी देशों में बीमारी, सूखा, आगजनी और अन्य कई प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं के लिए काले जादू को जिम्मेदार ठहराया जाता है। और जिन महिलाओं पर काला जादू करने का आरोप लगता है वे अक्सर बुजुर्ग ही होती हैं।
एक्शन एड की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार कुकुओकैंप में मौजूद 70 फीसदी महिलाएं अपने पति की मौत के बाद यहां पहुंची हैं। जिसका एक अर्थ ये भी है कि इनका परिवार इनकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है।
'ये डायन नहीं हैं...' : घाना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जोड्जी सिकाता कहते हैं, 'ये कैंप घाना में महिलाओं के हालात का एक नाटकीय उदाहरण हैं और बुजुर्ग महिलाएं इसलिए निशाना बनती हैं क्योंकि समाज के लिए उनकी उपयोगिता खत्म हो जाती है।'
समता की छोटी बहन 52 वर्षीय साफिया भी कुकुओ कैंप में ही रहती हैं। साफिया कहती हैं, 'ये महिलाएं डायन नहीं हैं। ये सिर्फ नफरत और ईर्ष्या है जिसके जरिए इन्हें समाज से बाहर निकाल दिया जाता है।'
घाना की सरकार मानती है कि ये कैंप अफ्रीका के सबसे प्रगतिशील लोकतांत्रिक देश पर धब्बा हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार समाज की ओर से ऐसी महिलाओं की स्वीकार करवाने में दस से बीस साल तक का समय लग सकता है।
उधर समता अब्दुलाई को सबसे बड़ा रंज इस बात का है कि वो अपने नातियों को दोबारा नहीं देख पाएगी। वे रूंधे गले से कहती हैं, 'मुझे हमेशा ये फिक्र सताती है कि मेरे जुड़वां नातियों की देखभाल कौन कर रहा होगा। मैं ही उन्हें नहलाती-खिलाती थी। अब ये सब कौन कर रहा होगा?'

