अब आसान नहीं झूठ बोलना!
BBC
ब्रैडफर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने किसी व्यक्ति के झूठ बोलने पर उसके चेहरे पर खून के प्रवाह और हाव-भाव में आए बदलाव पर नजर रखी।
चेहरा सब बोलता है : बीबीसी के विज्ञान संवाददाता मैट मैकग्रा के मुताबिक वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस तकनीक का इस्तेमाल पुलिस और अप्रावासन अधिकारी उस व्यक्ति को बिना बताए कर सकते हैं, जिससे पूछताछ हो रही हो।
वैज्ञानिक इस तकनीक का इस्तेमाल इस साल के अंत तक एक ब्रितानी हवाई अड्डे पर करने की योजना बना रहे हैं। दुनिया में 1921 के बाद से झूठ पकड़ने के लिए पॉलीग्राफ का अविष्कार हुआ था जो अब भी इस्तेमाल होता है।
वैज्ञानिकों का दावा है कि यह नई तकनीक पॉलिग्राफ जितनी ही प्रभावी है, लेकिन इसका शारीरिक हस्तक्षेप उसके मुकाबले काफी कम है। इस तकनीक में झूठ पकड़ने के लिए शोधकर्ताओं ने आँखों के आसपास खून के प्रवाह की तस्वीरें लेने के लिए तापीय कैमरे का इस्तेमाल किया।
कोई व्यक्ति जूठ बोल रहा है या सच, यह जानने के लिए इन तस्वीरों को एक कंप्यूटर प्रोग्राम के जरिए घबराहट, आँखों के झपकने और होठ काटने से जोड़ा गया।
शोधकर्ताओं का कहना है कि सुरक्षा अधिकारी जब किसी व्यक्ति से पूछताछ कर रहे हों तो, उसे बिना बताए इस तकनीक का उपयोग करने के अच्छे नतीजे मिलेंगे।
शुरुआत में 40 लोगों पर किए गए प्रयोग में इस तकनीक से 70 फीसदी सही नतीजे मिले। लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर इसे किसी हवाई अड्डे पर वास्तविक स्थिति में उपयोग में लाया जाए तो इसके 90 फीसदी सही नतीजे मिल सकते हैं।
ब्रैडफर्ड विश्वविद्यालय के डॉक्टर हसन उगाली कहते हैं कि इस तकनीक का इस्तेमाल भविष्य में सुरक्षा और आप्रवासान मामलों के साथ-साथ पार्किंसन और डिमेंशिया (स्मृति लोप) जैसी बीमारियों का पता लगाने में भी किया जा सकता है।

