अमेरिका में 'योग' पर विशाल प्रदर्शनी
FILE
ऑर्थर एम सैकलर गैलरी अपनी रजत जयंती के अवसर पर ‘योगा: द आर्ट ऑफ ट्रांस्फॉर्मेशन’ या रूपांतरण की कला योग के शीर्षक से योग को समर्पित एक बड़ी प्रदर्शनी आयोजित करने जा रही है।
ऑर्थर एम सैकलर गैलरी और वॉशिंगटन में नेशनल मॉल में स्थित पुरानी फ्रीयर गैलरी स्मिथसोनियन म्यूजियम का एक हिस्सा है। योग के विभिन्न पहलुओं से दर्शकों को रूबरू करने वाली यह प्रदर्शनी इस साल 19 अक्टूबर से शुरू होगी।
बाद में शहंशाह जहांगीर के नाम से हिंदुस्तान के तख्त पर आसीन होने वाले शहजादा सलीम ने योग मुद्राओं की पहली सचित्र श्रृंखला बनाई थी। इस श्रृंखला के 10 फोलियो का सेट इस प्रदर्शनी का एक बेशकीमती हिस्सा होगा।
ऑर्थर एम सैकलर गैलरी और फ्रीयर गैलरी ऑफ आर्ट की दक्षिण एवं दक्षिणपूर्व एशियाई कला की ऐसोसिएट क्यूरेटर ने ई-मेल से बताया कि हालांकि बहर-अल-हयात पांडुलिपि में उल्लेखित और चित्रित मुद्राएं और प्रक्रियाएं 1602 में उसके प्रकाशन से पहले की हैं, हम उन्हें पहली बार इस पांडुलिपि में पढ़ (और देख) रहे हैं।
डेब्रा ने 2008 में जोधपुर की शाही पेंटिंग की प्रदर्शनी का क्यूरेशन किया था। इस प्रदर्शनी को बहुत सराहा गया था। उन्होंने कहा कि शहजादा सलीम की बहर-अल-हयात पांडुलिपि ‘इस कदर अहम’ है कि तीन विद्वानों ने उस पर एक साथ काम किया।
डेब्रा ने कहा कि (किसी कला इतिहासकार के रूप में इन पेंटिंग का अध्ययन करने वाले के तौर पर) मैं खुद, इस्लाम के विशेषज्ञ डॉ. कार्ल अर्न्स्ट और योग परंपराओं पर ध्यान केन्द्रित करने वाले संस्कृतज्ञ डॉ. जेम्स मैलिंसन ने इस पांडुलिपि का एक साथ अध्ययन किया।’
इस प्रदर्शनी में पेश की गई प्रमुख कृतियों में कर्नाटक में 13वीं सदी की होयसला वंश के दौरान भैरव की एक मूर्ति है। यह क्लीवलैंड म्यूजियम ऑफ आर्ट के संग्रह का एक हिस्सा है।
योग पर समर्पित यह प्रदर्शनी 26 जनवरी 2014 तक चलेगी। इसमें भारत, यूरोप और अमेरिका के 25 संग्रहालयों और निजी संग्रहों से 120 से ज्यादा कृतियां शामिल की जाएंगी। प्रदर्शन में मूर्तिकला और चित्रकला की तीसरी से 18वीं सदी की 80 महान कृतियां पेश की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त औपनिवेशिक भारत की तथा आजादी के बाद के शुरुआती वर्ष की तकरीबन 40 तस्वीरें, किताबें और फिल्में पेश की जाएंगी। इन सबके माध्यम से बताया जाएगा कि कैसे 19वीं सदी में अंधविश्वास के रूप से तिरस्कार की निगाह से देखा गए योग ने एक लंबी छलांग लगाई और किस तरह 20 सदी के आरंभ के आते-आते सभी के लिए उपलब्ध एक लोकतांत्रिक विधा के रूप में सामने आया।
इस प्रदर्शनी के लिए 2008 से ही काम चल रहा है। डेब्रा तब इस परियोजना में शरीक हुई। उनके साथ मानवविज्ञान, कला इतिहास, धर्म, दर्शन और समाज विज्ञान के विद्वान भी शामिल हुए। डेब्रा का कहना है कि समकालीन कला के दर्शकों की संख्या बढ़ रही है। (भाषा)

