शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Groom bid farewell to his bride by helicopter
Written By हिमा अग्रवाल
Last Updated : गुरुवार, 9 फ़रवरी 2023 (21:35 IST)

दूल्हे ने दुल्हन को विदाई पर दिया सरप्राइज, हेलीकॉप्टर से करवाई विदाई

दूल्हे ने दुल्हन को विदाई पर दिया सरप्राइज, हेलीकॉप्टर से करवाई विदाई - Groom bid farewell to his bride by helicopter
रूड़की/बुलंदशहर (उत्तरप्रदेश)। प्रेम ऋतु में युवा दिलों की धड़कन बढ़ जाती है। प्रेमी युगल एक-दूसरे को रिझाने के लिए तरह-तरह के जतन करते है। भारत में बसंत के साथ फागुन आता है और रंग, अबीर-गुलाल के साथ खेतों में दूर-दूर तक फैली पीली सरसों, बगीचों में रंग-बिरंगे फूल धीमे-धीमे फागुन की बयार की खुमारी जवां दिलों में धड़कती नजर आती है, वहीं पाश्चात्य संस्कृति में वैलेंटाइन वीक मनाया जाता है।
 
एक सप्ताह तक अलग-अलग तरीकों से प्रेमी जोड़े अपने प्रेम का इजहार करते है। उपहारों का आदान-प्रदान होता है। ऐसा ही मेरठ में एक दूल्हे ने अपनी दुल्हन को विदाई के समय सरप्राइज गिफ्ट देकर प्रेम से अभिभूत कर दिया। इस अनोखे पल के साक्षी दूल्हा-दुल्हन के परिजन बने।
 
अपनी जीवनसंगिनी के साथ नए जीवन की शुरुआत करने से पहले दूल्हे ने दुल्हन को एक यादगार गिफ्ट दिया। ऑस्ट्रेलिया में पायलट लोकेन्द्र सोलंकी का रूड़की की रहने वाली यशांसी राणा से विवाह संपन्न हुआ। यशांसी कॉमर्शियल पायलट है। लोकेंद्र का परिवार उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले में रहता है।
 
दूल्हा लोकेंद्र अपनी कॉमर्शियल पायलट पत्नी के लिए कुछ यादगार करना चाहते थे। उन्होंने अपनी ख्वाहिश परिवार के सामने रखी कि वह यशांसी को हेलीकॉप्टर से विदा करके लाना चाहता है लेकिन यह सब दुल्हन को न पता हो। बेटे की ख्वाहिश पूरी करने के लिए पिता और चाचा ने पूरा प्रबंध किया।
 
मेरठ में पायलट दूल्हा-दुल्हन की ग्रांड मैरिज हुई। गुरुवार को विदाई का क्षण आया। दुल्हन यशांसी कार से पुलिस लाइन हैलीपैड पर पहुंचीं। पति लोकेन्द्र का सरप्राइज देखकर वह गद्-गद् हो गई। पति से मिले इस अनोखे गिफ्ट को देख दुल्हन की खुशी चेहरे पर अलग ही झलक रही थी।
 
हालांकि यशांसी खुद पायलट हैं और उनके लिए आसमान की उड़ान कोई नई बात नहीं है, लेकिन पति ने विदाई के समय हेलीकॉप्टर से सरप्राइज विदाई करवाई जिसके चलते वे फूली नहीं समा रही हैं, वहीं लोकेंद्र का कहना है कि अपनी कॉमर्शियल पायलट पत्नी के लिए यह करना तो बनता ही है।
 
इस नवदंपति को लेकर हेलीकॉप्टर बुलंदशहर के चोला चौराहे के 5 बीघे में बने एक हेलीपैड पर उतरा। नवयुगल को.देखने के लिए ग्रामीणों का तांता लग गया। परिजनों ने दूल्हा दुल्हन का जोरदार स्वागत किया। चोला थाना प्रभारी पूनम जादौन सब इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह अपनी टीम के साथ हैलीपेड की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रहे।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
तानाशाह की सनक, उत्तर कोरिया में न्यूक्लियर मिसाइलों की परेड, बेटी के साथ नजर आया किम जॉन्ग