प्रो कबड्डी में पुणेरी ने तेलुगू को 42-37 से रौंदा
Publish Date: Thu, 7 Sep 2017 (22:38 IST)
Updated Date: Thu, 7 Sep 2017 (22:42 IST)
कोलकाता। दीपक हुड्डा और संदीप नरवाल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पुणेरी पल्टन ने तेलुगू टाइटंस को 42-37 से हराकर वीवो प्रो कबड्डी लीग के पांचवें सत्र में गुरुवार को अपनी छठी जीत दर्ज की।
यहां नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में पुणेरी के लिए दीपक हुड्डा ने नौ, संदीप नरवाल ने सात, गिरिश मारुती इरनक ने सात, मोनू ने पांच और राजेश मंडल ने तीन अंक अर्जित किए, वहीं तेलुगू की तरफ से राहुल चौधरी ने नौ, स्थानापन्न मोहसन मौगसोदलू ने 6 और सोमवीर ने चार अंक बटोरे।
पुणेरी की टीम ने रेड से 18, डिफेंस से 15, ऑलआउट से छ: और तीन अतिरिक्त अंक जुटाए। तेलुगू ने रेड से 20, डिफेंस से 10, ऑलआउट से चार और तीन अतिरिक्त अंक हासिल किए। पुणेरी की आठ मैचों में यह छठी जीत है और वह 31 अंकों के साथ चौथे नंबर पर आ गई हैं। वहीं तेलुगू टाइंटस को 13 मैचों में नौंवीं हार का सामना करना पड़ा है। (वार्ता)