- धर्म-संसार
» - धर्म-दर्शन
» - धार्मिक स्थल
उज्जैन के तीन तीर्थ
कर्कराज मंदिर : पुराणों के अनुसार अष्टाविंशति तीर्थ यात्रा कर्कराज मंदिर से प्रारंभ होती है। इसे रेती घाट भी कहा जाता है। कर्कराज मंदिर से ही कर्क रेखा होकर गुजरी है। इस स्थान का महत्व यहाँ लगा स्तंभ बयाँ कर रहा है। तीर्थयात्री भूखी माता के सामने से यहाँ पहुँचेंगे या फिर नृसिंह घाट के किनारे-किनारे पहुँच सकेंगे।केदार तीर्थ :
छोटी रपट के पास स्थित है केदार तीर्थ। यहाँ केदारेश्वर महादेव का मंदिर है, जो पुराण प्रसिद्घ 84 महादेव मंदिरों में से एक है। यही छोटा-सा प्राचीन कुंड है। आसपास की सफाई मंदिर में सेवा करने वाले लोग करते हैं। संभवतः लोगों को पता ही नहीं होगा कि केदार तीर्थ भी अष्ट तीर्थयात्रा का महत्वपूर्ण स्थान हो सकता है। इस यात्रा की बात छोड़ दी जाए तो भी 15 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले पुरुषोत्तम मास में चौरासी महादेव की यात्रा होगी। केदारेश्वर का नंबर 84 महादेव में 49वाँ है।सोम तीर्थ :
सोमवती अमावस्या पर तो सोम तीर्थ का स्नान होता ही है, अष्ट तीर्थयात्रा का भी यह महत्वपूर्ण स्थान है। विलुप्त होने की कगार पर इस सोम तीर्थ को अच्छी साफ-सफाई की आवश्यकता है ताकि अष्टाविंशति तीर्थयात्रियों को तीर्थ स्नान का लाभ मिल सकें वरन् उन्हें चरण रज लेकर ही अपना काम चलाना होगा। वर्तमान में कर्कराज, सोमतीर्थ, अंगारतीर्थ, कालभैरव तथा केदार जैसे क्षेत्र ही परिलक्षित होते हैं। जो हैं वे सभी उपेक्षा के शिकार हैं। परिणामस्वरूप भयावह स्थिति देखने को मिलती है।