Thu, 23 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. violence in Kashmir after eid namaj

कश्मीर घाटी में ईद की नमाज के बाद बवाल

kashmir
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में कई स्थानों पर शनिवार को ईद की नमाज के बाद युवकों के समूह और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हो गईं। 
 
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि झड़पों की खबरें श्रीनगर, अनंतनाग और सोपोर से आई हैं। ये झड़पें ईद की सामूहिक नमाज पढ़े जाने के बाद हुईं।
 
उन्होंने कहा कि यहां ईदगाह पर नमाज पूरी होने के तुरंत बाद युवकों के एक समूह ने सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षा बल यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए तैनात किए गए थे।
 
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
 
उन्होंने कहा कि इसी तरह की झड़पें अनंतनाग में जंगलात मंडी के पास और सोपोर शहर में जामा मस्जिद के पास भी हुई हैं। ये झड़पें भी ईद की नमाज के बाद हुईं। युवक सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसा रहे थे।
 
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अधिकतम संयम बरता और अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
 
पुलिस ने शुक्रवार को जेकेएलएफ प्रमुख यासिन मलिक को गिरफ्तार किया था, वहीं हुर्रियत कांफ्रेंस के दोनों धड़ों के प्रमुखों सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारूक को आज सुबह उनके घर में नजरबंद किया गया। इन लोगों ने घोषणा की थी कि वे ईदगाह में ईद की नमाज में शामिल होंगे। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए मुंबई पहुंचे