1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. uttarakhand-laksar-shivgarh-temple-two-sadhus-murder-case

उत्तराखंड के प्राचीन शिव मंदिर में खूनी खेल: 2 साधुओं की बेरहमी से हत्या, परिसर में दबे मिले शव

uttarakhand crime news
उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शिवगढ़ गांव के एक प्राचीन शिव मंदिर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंदिर परिसर के भीतर दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों को जमीन में दबा दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व सहम का माहौल है।
 

गला घोंटा और चाकू से गोदा

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मंदिर में सेवा देने वाले साधु सेवा गिरि और उत्तम गिरि के रूप में हुई है। हत्यारों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया; एक साधु की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि दूसरे साधु को बेरहमी से चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा गया। हत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
 

शनिवार रात मंदिर में रुके थे 3 संदिग्ध

मामला तब खुला जब सोमवार सुबह से दोनों साधु मंदिर परिसर में कहीं नजर नहीं आए। ग्रामीणों को अनहोनी का शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब मंदिर परिसर की जमीन खुदी हुई मिली और वहां दोनों साधुओं के शव दबे मिले, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
 
ग्रामीणों की सूचना पर सीओ लक्सर देवेंद्र नेगी और पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि शनिवार रात तीन बाहरी लोग (साधु के वेश में) इस मंदिर में आकर ठहरे थे। घटना के बाद से वे तीनों संदिग्ध रहस्यमय तरीके से गायब हैं, जिसके चलते पुलिस का शक उन्हीं पर गहरा गया है।
 

फरार साधुओं की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार संदिग्ध साधु-वेशधारियों की सुरागकशी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस इस हत्याकांड में उनकी भूमिका से इन्कार नहीं कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। संदिग्ध साधु वेशधारियों की तलाश में टीम को लगाया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
 
अगला लेख
उत्तराखंड सीएम ने किया कैप्टन मच्छार के साहस को सलाम, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की