सम्बंधित जानकारी
- Weather Update: कई राज्यों में पारा 42 डिग्री के पार, आईएमडी ने जारी किया लू को लेकर अलर्ट
- Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ने लगी गर्मी, कई राज्यों में लू का अलर्ट
- Weather Alert : देश के इन राज्यों में पड़ेगी भीषण गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
- भीषण गर्मी से चट्टान में दरार, आंध्र में 150 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
Weather Alert : बिहार में भीषण गर्मी का दौर शुरू, कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार
पटना। बिहार के निवासियों के लिए 'लू' जैसी स्थिति से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है क्योंकि राज्य में कम से कम 5 स्थानों पर पारा 43 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर गया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र (बीएमएसके) द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, 24 अप्रैल तक राज्य में भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने की संभावना है।
बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज ने शनिवार को बताया कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी के प्रकोप और निर्जलीकरण से बचें। उन्होंने कहा कि उनका विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है। इसके अलावा, जिलाधिकारियों को भी अपने जिलों में स्थिति की निगरानी करने की सलाह दी गई है।
बिहार के नौ जिलों में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया, वहीं 5 स्थानों पर अधिकतम दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। रोहतास के डेहरी प्रखंड, गया के खिजरसराय प्रखंड और नवादा जिले के वारिसलीगंज में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नालंदा में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अरवल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
बिहार के औरंगाबाद जिले में 42.8 डिग्री सेल्सियस, जमुई और भोजपुर 42.6 डिग्री सेल्सियस, सीवान 42. 5 डिग्री सेल्सियस, सारण 42.3 डिग्री सेल्सियस और पटना 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं बिहार के गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, अरवल, भोजपुर, जहानाबाद, रोहतास, बेगूसराय, गया, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, बांका और मुंगेर में लगभग 68 प्रखंड में लू जैसी स्थिति है।
पटना जिला प्रशासन ने शुक्रवार को राज्य की राजधानी में सभी स्कूल प्राधिकारियों को स्कूलों के समय में संशोधन करने और छात्रों को 'हीट स्ट्रोक' से बचाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में सुबह 11.45 बजे के बाद सभी कक्षाओं (प्री-स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित) के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ा : राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है जहां बीते 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 18-19 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है।
उसके अनुसार पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री से. के बीच बना हुआ है। आगामी 48 घंटों में तापमान में और 1 से 2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 18-19 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय रह सकता है, फलस्वरूप 18 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग एवं शेखावटी क्षेत्र में दोपहर बाद मेघगर्जन, 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने एवं कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र आंधी भी चल सकती है।
विभाग के अनुसार 19 अप्रैल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने से जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं तथा हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। राज्य में 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
