1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Ramganga river havoc in Moradabad
Last Modified: मुरादाबाद (उप्र) , शनिवार, 9 अगस्त 2025 (00:08 IST)

रामगंगा का कहर : शहरी इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, पुलिस सड़कों पर कर रही निगरानी

Ramganga river havoc in Moradabad
UP Weather Update News : रामगंगा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन के हाथ-पांव भी फूलने लगे हैं। मुरादाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ का पानी पहले ही सिरदर्द बन गया था, रही-सही कसर अब शहरी क्षेत्र में पानी ने प्रवेश करके पूरी कर दी है। थाना मुगलपुरा क्षेत्र के लालबाग, वारसी नगर, जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों और गलियों तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सतर्क है और रातभर बाढ़ग्रस्त इलाकों में गश्त कर निगरानी कर रहा है।
 
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पानी का स्तर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत या निकासी कार्यों की कोई स्पष्ट योजना अभी तक सामने नहीं आई है, जिससे लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
उधर, मुरादाबाद-रामनगर मुख्य मार्ग पर भी जलभराव से स्थिति गंभीर बनी हुई है। सड़क पर पानी का बहाव इतना तेज है कि प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद कई लोग जरूरी कार्यों से पैदल, दुपहिया वाहनों या ट्रैक्टर के जरिए सफर करने को मजबूर हैं। बाढ़ के पानी का प्रवाह देखकर लोग भयभीत होने लगे हैं।
 
गौरतलब है कि रक्षाबंधन का पर्व है, जिस कारण शहर में आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में बाढ़ ने लोगों को भारी परेशानी में डाल दिया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकलने में असमर्थ हैं, वहीं बिजली-पानी की पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
जिन इलाकों को बाढ़ का पानी प्रभावित कर रहा है, वहां के रहने वालों से प्रशासन ने अपील की है कि वह जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाएं, वहीं पुलिस ने भी सड़कों पर अपनी गश्त बढ़ा दी है। राहत कार्य शुरू करने के लिए सभी सरकारी विभाग अलर्ट मोड पर है।
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
हिमा अग्रवाल
ये भी पढ़ें
देश के सरकारी बैंकों ने बनाया रिकॉर्ड, 3 महीने में कमाए 44218 करोड़, SBI सबसे आगे